नई दिल्ली………….
दिल्ली पुलिस मुख्यालय में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक एसीपी ने हेडक्वार्टर की इमारत के 10वीं मंजिल से रहस्यमय हालात में छलांग लगा दी। उनका शव मुख्यालय के मेन गेट के सामने पड़ा मिला। उन्होंने ये आत्मघाती कदम क्यों उठाया, अभी इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है। प्रेम बल्लभ दिल्ली पुलिस की अपराध एवं यातायात इकाई में तैनात थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक प्रेम बल्लभ उत्तराखंड के रहने वाले थे।
क्या है मामला……………

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुबह लगभग 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि किसी ने दसवीं मंजिल से छलांग लगा दी है। मौके से तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने एसीपी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की छानबीन शुरू कर दी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि एसीपी अवसाद में थे और इन्हीं कारणों से उन्हें आत्महत्या की होगी। हालांकि किसी भी अधिकारी ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। पुलिस को एसीपी के पास किसी तरह का कोई नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस उनके परिवार से संपर्क कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि कहीं वह पारिवारिक कारणों से तनाव में तो नहीं थे।
