बता दें कि फिलहाल प्रेम-प्रसंग को लेकर जांच की जा रही है। आरोपी से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि एकतरफा प्रेम के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। वारदात के करीब एक घंटे बाद अस्पताल का वार्ड बॉय रितेश शाक्य ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। रितेश नर्स से उम्र में पाँच साल बड़ा है।
भिंड/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के भिंड में जिला अस्पताल में दिल दहला देने वाली घटना हुई है। ड्यूटी पर तैनात नर्स नेहा चंदेल की वार्ड बॉय ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वारदात गुरुवार शाम पांच बजे के करीब आइसीयू के स्टोर रूम में हुई। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग बताया गया है। स्टाफ नर्स की हाल में सगाई हुई है। मई माह में शादी तय हुई थी। आरोपित नर्स से कह रहा था कि वह शादी नहीं करे, लेकिन नर्स ने उसकी बात मानने से इनकार किया। ऐसे में आरोपित ने कट्टा निकालकर कनपटी से सटाकर गोली चला दी। नर्स कुर्सी पर ही लुढ़क गई। और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपित बाइक से शहर कोतवाली थाने पहुंचा। पुलिस के सामने सरेंडर कर अपनी निशानदेही पर कट्टा बरामद करवा दिया है। वारदात के बाद स्टाफ नर्सों ने जिला अस्पताल में हड़ताल शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,मंडला गोकुलथाना तहसील नैनपुर निवासी 26 वर्षीय स्टाफ नर्स नेहा चंदेल पुत्री हरि प्रसाद की जिला अस्पताल के आइसीयू वार्ड में ड्यूटी थी। इसी वार्ड में 31 वर्षीय आरोपित वार्ड ब्वाय रीतेश शाक्य पुत्र धर्मेंद्र शाक्य निवासी गांधी नगर भिंड की ड्यूटी थी। रीतेश ने उसे रोके रखा। दोनों की आइसीयू वार्ड के स्टोर रूम में बातचीत हो रही थी। शाम करीब पांच बजे रीतेश ने कट्टा निकालकर नर्स की कनपटी से सटाकर गोली मार दी। नर्स नेहा चंदेल की मौके पर ही मौत हो गई। आइसीयू के स्टोर रूम में बंद दरवाजे के पीछे हुई वारदात की किसी को भनक तक नहीं लगी। नर्स को गोली मारने के बाद आरोपित आइसीयू के पीछे वाले गेट से बाहर निकला। बाइक पर बैठकर जिला अस्पताल परिसर से बाहर निकल गया। शहर कोतवाली के सामने नाले में आरोपित ने कट्टा फेंका। बाइक से कोतवाली जाकर सरेंडर कर दिया। आरोपित से पूछताछ के बाद पुलिस ने नाले से 315 बोर का कट्टा बरामद कर लिया है। आइसीयू में हत्या की वारदात से जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके अटेंडरों में दहशत का माहौल है। हत्या की जानकारी मिलने पर सीएमएचओ डा. अजीत मिश्रा, सिविल सर्जन डा. अनिल गोयल मौके पर पहुंचे। एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने भी जायजा लिया है।
घटना के बाद नर्सों में आक्रोश

वारदात के बाद अस्पताल में तनावपूर्ण माहौल हो गया। सभी नर्सें आक्रोशित होकर बाहर आ गईं। उनका कहना था कि इस तरह असुरक्षित माहौल पर वे काम नहीं करेंगी। नर्सों का कहना है कि प्रदेश स्तर पर बात करके घटना के विरोध में शुक्रवार को हड़ताल पर भी जा सकती हैं।
इनका कहना
आरोपित वार्ड ब्वाय और नर्स के बीच में प्रेम प्रसंग बताया गया है। हाल में नर्स की सगाई हुई है और शादी तय हुई है। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने कट्टा बरामद कर लिया है। आरोपित पर हत्या का केस दर्ज किया जा रहा है।
–शैलेंद्र सिंह चौहान,एसपी,भिंड।
