ग्वालियर/मध्यप्रदेश…………
ग्वालियर की क्राइम ब्रांच पुलिस ने नयागांव क्षेत्र में बंद पड़े एक क्रेशर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद की गई शराब की कीमत 63 लाख बताई गई है। विशेष बात ये है कि जिस ब्रांड की शराब पकड़ी गई है वो अरुणाचल प्रदेश में बिक्री के लिए थी। पुलिस को मौके से कोई आरोपी नहीं मिला।
क्या है मामला………….
पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन को मुखबिर से जानकारी मिली कि नयागांव स्थित लक्ष्मीनारायण शर्मा के बंद पड़े क्रेशर के एक कमरे में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब रखी हुई है। एसपी ने एडिशनल एसपी क्राइम पंकज पांडे को कार्रवाई के लिए कहा जिसके बाद क्राइम ब्राँच थाना प्रभारी विनोद छाबई ने टीम के साथ नयागांव में दबिश दी जहाँ उन्हें एक बंद कमरे में शराब का जखीरा बरामद हुआ। शराब गत्तों के डिब्बे में भरी हुई थी। खोलने पर मालूम चला ये बोतल रम और व्हिस्की दोनों की थी और ब्लू मूड व्हिस्की, क्रेजी रोमियो रम और व्हिस्की, के अलावा ड्राई जिन, ब्लू मून ब्रांड की शराब भी मिली जो केवल अरुणाचल प्रदेश में बिक्री के लिए ही थी। पुलिस के अनुसार कुल 905 पेटी जिसमें 8037 लीटर शराब जब्त की गई है जिसके कीमत 63 लाख रुपये है। क्राइम ब्रांच ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका एसपी ने इनाम की घोषणा की………..
शराब बरामदगी की कार्रवाई में क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी विनोद छाबई के साथ एसआई मनोज परमार, सूबेदार संजय जादौन, एएसआई सत्यवीर सिंह, प्रधान आरक्षक राजीव सोलंकी,आरक्षक आशीष शर्मा,आकाश तोमर,अनिल राजावत,अनिल मौर्य,रोहित अहिरवार,गौरव आर्य,नरवीर राणा,भगवती,अजय शर्मा,राजेश गुर्जर, रामवीर सिंह,रामसहाय गुर्जर और सुरेंद्र तोमर की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने इस टीम को इनाम देने की घोषणा की है।
