HomeNews Headlinesहिंसक हुआ मराठा आंदोलन:पथराव में पुलिस कॉस्टेबल की मौत,आज मुंबई बंद का...

हिंसक हुआ मराठा आंदोलन:पथराव में पुलिस कॉस्टेबल की मौत,आज मुंबई बंद का ऐलान

मुंबई/महाराष्ट्र………..


मराठा आरक्षण की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन मंगलवार को अचानक हिंसक हो गया। मराठा समुदाय के असर वाले इलाकों के साथ साथ राज्य के कई हिस्सों में यह आंदोलन हो रहा है। कई जगह लोगों ने गाड़ियों में आग लगाई और प्रदर्शन किया। आरक्षण की मांग कर रहे संगठनों ने बुधवार को मुंबई बंद की अपील की है। महाराष्ट्र के औरंगाबाद और आसपास के जिलों में प्रदर्शन के दौरान हुए पथराव में मंगलवार को एक कांस्टेबल की मौत हो गई, जबकि दूसरा जख्मी हो गया। प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों को भी फूंक दिया। नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन के तेज होते ही आंदोलन की अगुवाई कर रहे मराठा क्रांति मोर्चा ने बुधवार को मुंबई बंद की अपील की है। आरक्षण के पक्ष में विरोध मार्च के दौरान सोमवार को एक प्रदर्शनकारी की मौत के बाद इस संगठन ने मंगलवार को महाराष्ट्र बंद किया था।



क्या है मामला………..


दरअसल, सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में समुदाय के लिए आरक्षण की मांग को लेकर सोमवार को एक शख्स ने औरंगाबाद में नदी में कूद कर जान दे दी थी। आरक्षण की मांग करने वाले एक मराठा नेता ने कहा कि उन्होंने पूरे राज्य में बंद का आह्वान किया है और जब तक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समुदाय से माफी नहीं मांग लेते ये विरोध जारी रहेगा।

पुलिस ने बताया कि औरंगाबाद जिले के कायगांव निवासी 27 साल के काकासाहब शिंदे एक पुल से गोदावरी नदी में कूद गया था। उसे नदी से निकालकर अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिंदे की मौत के बाद से ही महाराष्ट्र के कई हिस्सों में नये सिरे से प्रदर्शन शुरू हो गया है। शिंदे के परिजनों के लिए 10 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की, लेकिन कई पार्टियों ने इसके लिए 50 लाख रुपये की मांग की।


जिले में इंटरनेट सेवाओं को बंद किया………..


राजनीतिक रूप से महाराष्ट्र में सबसे प्रभावशाली मराठा समुदाय के लिए आरक्षण का मामला बहुत विवादित मुद्दा है। राज्य की आबादी में करीब 30 फीसदी मराठा हैं। बहरहाल, सोमवार को एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी, जिसका मंगलवार को अंतिम संस्कार किया गया। शिवसेना सांसद चंद्रकांत खैरे को उसके अंतिम संस्कार के समय औरंगाबाद के कायगांव में प्रदर्शनकारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस ने बताया कि भीड़ ने उनके साथ धक्कामुक्की की। उन्हें वहां से जाना पड़ा। पुलिस ने बताया कि सांसद की गाड़ी पर भी पथराव हुआ है। प्रदर्शनकारी की मौत ने महाराष्ट्र के कई इलाकों में नए सिरे से प्रदर्शनों को भड़का दिया है। औरंगाबाद जिले के ग्रामीण इलाकों में अप्रिय घटना को रोकने के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि कायगांव में प्रदर्शनकारियों ने शिंदे को शहीद बताने वाले नारे लगाए। उन्होंने बताया कि उस्मानाबाद के पुलिस कांस्टेबल शाम अतगांवकर को कायगांव में तैनात किया गया था। उनकी वहां पथराव के बाद मचे हंगामे के बाद मौत हो गई।


आज मुंबई बंद का ऐलान…………..


मराठा क्रांति मोर्चा समन्वय समिति की मुंबई बैठक में बुधवार को मुंबई बंद का फैसला लिया गया है। ये मामला तेजी से इसलिए भी उठाया जा रहा है क्योंकि, महाराष्ट्र में 72 हजार सरकारी पदों के लिए सरकार मेगा भर्ती करने जा रही है लेकिन मराठा समाज की मांग है कि जब तक मराठा समाज को आरक्षण नहीं मिलता तब तक सरकार मेगा भर्ती पर रोक लगाए लेकिन मुख्यमंत्री फडणवीस ने मराठा आंदोलकर्ताओं की इस मांग को ठुकरा दिया है। फडणवीस का कहना है मेगा भर्ती में कुछ पद बाद में भरे जा सकते हैं, जिससे मराठा समाज को अगर 16 फीसदी आरक्षण मिला तो उतने फीसदी पद खाली रखे जाएंगे जिस वक्त कोर्ट से आरक्षण को लेकर फैसला आएगा तब इसे लागू किया जाएगा। लेकिन सीएम के आश्वासन के बाद आंदोलन जारी है।

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!