“इस अनूठी पहल से जहाँ एक ओर छात्र पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली से परिचित हो सकेंगे वहीं दूसरी ओर भावी पीढी का पुलिस विभाग के प्रति दृष्टिकोण परिवर्तित करने में भी सहायता मिलेगी”
भोपाल/मध्यप्रदेश……..
पुलिस मुख्यालय ने पुलिस इंटर्नशिप योजना शुरू की है। इस योजना के जरिए छात्र थानों में पुलिस का कामकाज सीख सकेंगे। इसके लिए इंटर्नशिप करने वाले छात्रों को 6 हफ्ते थानों में पुलिस का काम देखना होगा। आमतौर पर लोग पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर अनभिज्ञ रहते हैं। किन संसाधन एवं परिस्थितियों के बीच पुलिस काम करती है। इसको समझने के लिए अब कॉलेज एवं शोधार्थियों को मौका मिलेगा।
कैसे और कहाँ करें आवेदन……..
योजना के तहत स्नातकोत्तर एवं 05 वर्षीय विधि/यांत्रिकी के छात्र जिला पुलिस अधीक्षक के समक्ष निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकेंगे। जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा इच्छुक छात्रों को 6 सप्ताह के लिए पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली समझाने के लिए थानों में इंटर्नशिप योजना कराई जाएगी जिसके पश्चात छात्र अपने अनुभव के आधार पर एक संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इंटर्नशिप के लिए भोपाल जोन में 150, इंदौर जोन में 150, जबलपुर जोन में 50, सागर जोन में 20, ग्वालियर जोन में 85 पद हैं। इंटर्नशिप के लिए 1 जून से 12 जुलाई तक चलेगी। इसमें उत्तीर्ण छात्रों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। यह योजना प्रतिवर्ष आयोजित की जाएगी।
