बता दें कि मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के पास बरखेड़ी गांव में मिट्टी की खदान धंसने से 4 बच्चों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि गांव के 7 बच्चे मिट्टी खोदने गए थे, जिसमें से 6 दब गए थे। बच्चों की उम्र 5 से 12 साल तक बताई गई है। सभी घायलों को हमीदिया अस्पताल भेज दिया गया है।
भोपाल/मध्यप्रदेश।
राजधानी भोपाल के बरखेड़ी इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चार बच्चों का निधन हो गया और दो घायल हो गए। घायल बच्चों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। बच्चों की उम्र सात से बारह वर्ष के बीच बताई गई है। सभी बच्चे दिवाली के त्योहार के लेकर घर में लीपापोती करने के लिए पीली मिट्टी लेने गए थे।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र में स्थित ग्राम बरखेड़ी में सोमवार सुबह कुछ बच्चे एक मिट्टी खदान में पहुंचकर इसकी खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान प्रातः करीब 10 बजे अचानक खदान के किनारे की मिट्टी धंस गई, जिसमें छह बच्चे दब गए। यह देखकर बाकी बच्चे घबरा गए और उन्होंने तुरंत दौड़कर अपने घरवालों को हादसे की सूचना दी।
हादसे की खबर सुनकर गांव के लोगों में हड़कंप मच गया और वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर बच्चों को मिट्टी से निकालने में जुट गए। सूचना मिलने पर सूखी सेवनिया थाना प्रभारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे एवं मिट्टी हटाते हुए बच्चों को बाहर निकलवाया। उन्हें तुरंत एंबुलेस के जरिए हमीदिया अस्पताल भिजवाया गया, जिनमें से चार बच्चों ने रास्ते में दम तोड़ दिया। बाकी दोनों बच्चों का फिलहाल हमीदिया में इलाज चल रहा है। मृतक बच्चों के नाम मनोज सिसोदिया (10 वर्ष), कविता बाई (12 वर्ष), आशा(7 वर्ष) और गुल्लू बाई (12 वर्ष) हैं। हादसे में घायल बच्चे विक्रम बंजारा और रोहित हैं, जिनकी उम्र 7 वर्ष है।
पोस्टमार्टम नहीं कराने पर अड़े परिजन
हमीदिया अस्पताल में परिवार के लोग बच्चों का पोस्टमार्टम नहीं कराने को लेकर अड़ गए है। मौके पर मौजूद एसडीएम क्षितिज शर्मा ने उन्हें समझाइश देकर मानने की कोशिश की लेकिन वो मानने को तैयार नहीं हो रहे है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भी ट्वीट के जरिए चार मासूमों के निधन पर गहन दुख और संवेदना प्रकट की
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा कि भोपाल के ग्राम बरखेड़ी में मिट्टी धँसने से हुई चार बच्चों की मृत्यु का समाचार अत्यंत ही दुःखद और हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएँ पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति दें और परिजनों को इस वज्रपात को सहने की शक्ति दें। शिवराज ने मृतक बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता राशि दिए जाने की घोषणा भी की है।
भोपाल के ग्राम बरखेड़ी में मिट्टी धँसने से हुई चार बच्चों की मृत्यु का समाचार अत्यंत ही दुःखद और हृदय विदारक है।
मेरी संवेदनाएँ पीड़ित परिवारों के साथ हैं।
मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति दें और परिजनों को इस वज्रपात को सहने की शक्ति दें।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) November 9, 2020
दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही हो: कमलनाथ
वही पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (Kamal Nath) ने भी ट्वीट कर लिखा है कि भोपाल के सुखी सेवनिया में मिट्टी खदान में दबने से 4 बच्चों की मौत की बेहद दुखद व दर्दनाक ख़बर है। मैं सरकार से माँग करता हूँ कि इस ह्रदय विदारक घटना में घायल बच्चों के इलाज की समुचित व्यवस्था हो, पीड़ित परिवारो की हरसंभव मदद हो, घटना के दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही हो।
भोपाल के सुखी सेवनिया में मिट्टी खदान में दबने से 4 बच्चों की मौत की बेहद दुखद व दर्दनाक ख़बर है।
मैं सरकार से माँग करता हूँ कि इस ह्रदय विदारक घटना में घायल बच्चों के इलाज की समुचित व्यवस्था हो, पीड़ित परिवारो की हरसंभव मदद हो, घटना के दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही हो।
— Office Of Kamal Nath (@OfficeOfKNath) November 9, 2020
