HomeBreaking Newsशराब के नशे में थाना प्रभारी ने बाजार में मचाया उत्पात,पब्लिक पर...

शराब के नशे में थाना प्रभारी ने बाजार में मचाया उत्पात,पब्लिक पर पिस्टल तानी,निलंबित

बता दें कि शिवपुरी के भौंती थाना के विवादित थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह सिकरवार ने शाम के समय लोगों से मारपीट कर दी। ग्रामीणों के मुताबिक थाना प्रभारी शराब के नशे में थे। जिसके बाद थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया।

शिवपुरी/मध्यप्रदेश।

मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर तहसील के भौंती कस्बे में रविवार रात भौंती थाना प्रभारी ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान टीआइ सुरेंद्र सिंह सिकरवार ने दुकानदारों को डंडों से पीटा और गालियां दीं। भौंती सरपंच रामेंद्र छिरौलिया के भाई के साथ भी मारपीट की। घटना भौंती थाने के सामने की है। उत्पात की जानकारी लगते ही एसडीओपी देवेंद्र सिंह कुशवाह मौके पर पहुंचे और टीआइ सुरेंद्र सिंह को मेडिकल के लिए भिजवाया।

क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,टीआइ सुरेंद्र सिंह भदौरिया शाम 7 बजे थाने के सामने व्यापारियों की दुकानें बंद करा रहे थे। इस दौरान वे व्यापारियों को गालियां भी दे रहे थे। टीआइ ने दुकान के बाहर खड़े लल्लन से बाइक हटाने और दुकान बंद करने को कहा। शिकायतकर्ता धमेंद्र गुप्ता के अनुसार टीआइ शराब के नशे में थे। इसी दौरान लल्लन छिरौलिया का उनसे विवाद हो गया। जब उनका छोटा भाई धमेंद्र छिरौलिया बीच-बचाव करने पहुंचा तो टीआइ ने उसके साथ मारपीट कर दी। धर्मेंद्र ने बताया कि टीआइ ने डंडों से पीटने के साथ पिस्टल निकालकर उसकी छाती पर तान दी और लोड कर दी। टीआइ के साथ पुलिस फोर्स भी मौजूद था। मारपीट होते ही भीड़ टीआइ पर दौड़ पड़ी। इस दौरान टीआइ के साथ भी धक्का मुक्की की गई। घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में व्यापारी और भाजपा नेता भी थाने पहुंच गए। इसके बाद भीड़ को शांत करने के लिए एसडीओपी ने टीआइ को मेडिकल के लिए भिजवाया। एसपी राजेश सिंह चंदेल ने टीआइ सुरेंद्र सिंह सिकरवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

इनका कहना

सरपंच रामेंद्र छिरौलिया ने कहा कि पहले भी क्षेत्र में ट्रैक्टर चोरी की घटना हुई हैं, जिसमें इन्होंने लेन-देन कर छोड़ दिया। इस मामले में मैंने शिकायत की थी। इसलिए टीआइ पिछले दो महीनों से मुझसे टशन रखते हैं। इसकी शिकायत पहले भी एसपी और विधायक यशोधरा राजे सिंधिया से कर चुके हैं। व्यापारी संगठन ने कल भौंती बंद रखने का निर्णय लिया है।

क्या है वीडियो में

शिवपुरी जिले के भौती थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह सिकरवार एवं भौती के वैश्य वर्ग के व्यापारियों के बीच आज रात उस समय भारी विवाद हो गया जब थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ जबरन दुकानें बंद कराने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान पुलिस और व्यापारियों के बीच आपस में मारपीट भी हो गई। व्यापारी वर्ग को गाली दिए जाने से आक्रोशित व्यापारियों ने थाना प्रभारी पर हमला बोल दिया और उनकी मारपीट कर डाली। व्यवसाइयों का आरोप है कि थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह सिकरवार नशे में थे और उन्होंने बिना किसी कारण के पुलिस बल के साथ पहुंचकर दुकानदारों और अन्य व्यवसायियों को धमकाना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं उन्होंने बनियों को गाली देकर भी बार-बार धमकाया। इस घटनाक्रम के वायरल वीडियो में थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह सिकरवार तमाम पुलिस फोर्स के साथ सड़क पर खड़े होकर वैश्य वर्ग के व्यापारियों को मां बहन की अश्लील गालियां देते और उन्हें बाहर निकालने को बोल रहे हैं। वे हाथ में लाठी भी लहरा रहे हैं इस वीडियो में यह भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि जब व्यापारी वर्ग को जाति सूचक गालियां दी गई तो वह लामबंद होकर भड़क गए और उन्होंने पुलिस फोर्स पर एकजुट होकर हमला बोल दिया।

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!