टीकमगढ़/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश में भ्रष्ट कर्मचारियों और अधिकारियों पर लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है। लोकायुक्त की टीम ने टीकमगढ़ जिले के स्टेट वेयर हाउस कॉर्पोरेशन के प्रबंधक को 6 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दरअसल,सागर लोकायुक्त की टीम ने शनिवार को टीकमगढ़ जिले में मप्र वेयर हाउसिंग एवं लाजिस्टिक्स कार्पोरेशन बड़ोरा घाट के कार्यालय में कार्रवाई करते हुए जिला प्रबंधक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोचा है। सागर लोकायुक्त डीएसपी राजेश खेड़े ने बताया वेयर हाउसिंग के जिला प्रबंधक को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,शिकायतकर्ता राजेश शर्मा निवासी मामोन दरवाजा टीकमगढ़ ने लोकायुक्त सागर में वेयर हाउसिंग एवं लाजिस्टिक्स कार्पोरेशन टीकमगढ़ के जिला प्रबंधक शेर सिंह चौहान द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। शिकायत में बताया कि जिला प्रबंधक आवेदक के स्वयं के वेयर हाउस में रखे सरकारी गेहूं का किराया राशि के बिल निकालने और अधिक समय तक अनाज रखे रहने के एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर रहा है।
शिकायत मिलते ही लोकायुक्त टीम ने जांच शुरू की। जांच में पुष्टि होने के बाद शनिवार दोपहर लोकायुक्त की टीम टीकमगढ़ पहुंची। जहां शिकायतकर्ता को रिश्वत के रुपए लेकर जिला प्रबंधक के पास भेजा। कार्यालय में जिला प्रबंधक शेर सिंह चौहान ने जैसे ही रिश्वत के 6 हजार रुपए लिए लोकायुक्त की टीम ने रंगेहाथ दबोच लिया।
