HomeBreaking Newsबाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला का मंगलसूत्र लूटा,घटना सीसीटीवी में...

बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला का मंगलसूत्र लूटा,घटना सीसीटीवी में कैद

ग्वालियर/मध्यप्रदेश।

मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में चोरों और लुटेरों में पुलिस का खौफ बिल्कुल भी नहीं रह गया है। यही कारण है कि बदमाश शहर से रोजाना बाइक चोरी और घरों में चोरी के अलावा झपटमारी में भी पीछे नहीं है। उसका ताजा उदाहरण शनिवार को उस समय देखने को मिला जब मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला के गले से बदमाश दो तोला वजनी मंगलसूत्र लूट कर ले गए। खास बात यह है कि झपट मारी के दौरान बाइक सवार दो बदमाश महिला से टकराए और जमीन पर गिर गए। इसके बाद बदमाश फुर्ती से उठे और महिला के प्रतिरोध के बावजूद वह उसे झटकते हुए बाइक पर बैठकर फरार हो गए। 60 साल की उम्र होने के बाद भी विद्या देवी ने लूट के बाद हार नहीं मानी। उन्होंने तत्काल पास ही पड़ा एक सरिया उठाकर एक बदमाश में मारा, लेकिन वह भाग गए।
पीड़िता के बेटे ने झांसी राेड थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। जब आरटीआइ कार्यकर्ता आशीष चतुर्वेदी थाने पहुंचे तब झांसी राेड थाना प्रभारी आसिफ मिर्जा बेग घटना की तस्दीक करने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।

क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,नाका चंद्रबदनी तिराहा निवासी 60 वर्षीय विद्यादेवी साहू प्रतिदिन सुबह घूमने के लिए कैंसर पहाड़िया पर जाती हैं। शनिवार की सुबह वह जेठानी के साथ घूमने के लिए गईं थी। घूमकर घर लौटते समय मांढरे की माता के नीचे अर्बन रसोई के पास एक बाइक पर सवार दो युवक जानबूझकर टकरा गए। देवरानी- जेठानी ने बाइक सवार युवकों को फटकार लगाने के लिए उनकी तरफ मुड़ी, उसी समय गाड़ी पर पीछे बैठे युवक ने विद्यादेवी साहू के गले में नजर आ रहे सोने के मंगलसूत्र पर झपट्टा मारा। लुटेरे के हाथ मंगलसूत्र आते ही बदमाशों ने गाड़ी आमखो की तरफ दौड़ा दी। मंगलसूत्र लूट की घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। महिला के घरवाले भी स्पाट पर पहुंच गए।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसके आधार पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। लूटे गए मंगलसूत्र की कीमत तकरीबन पचास हजार रुपए से ज्यादा बताई गई है। घटना बेहद व्यस्त जयारोग्य अस्पताल परिसर और मांढरे की माता के नजदीक चौराहे की बताई गई है। महिला को लेकर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज चेक कराए गए। जिसमें दो बदमाश महिला से टकराते और झपटमारी करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज कर लिया है। इस मामले में मोटरसाइकिल के नंबर और हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।

तीन घंटे तक पुलिस ने लूट की घटना को गंभीरता से नहीं लिया

मंगलसूत्र लूट की घटना के बाद विद्यादेवी साहू सीधे झांसी रोड थाने पहुंची। थाने में मौजूद स्टाफ को लूट की घटना के संबंध में बताया। थाने में मौजूद जवानों ने लूट की घटना को गंभीरता से नहीं लिया। तीन घंटे तक थाने का स्टाफ थाना प्रभारी के आने का इंतजार करता रहा। आरटीआइ कार्यकर्ता आशीष चतुर्वेदी के थाने पहुंचने पर पुलिस हरकत में आई। पुलिस मांढ़रे की माता मंदिर के पास चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। झांसी रोड थाना पुलिस ने विद्यादेवी साहू की रिपोर्ट पर अज्ञात दो बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया है।

वीडियो देखें

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!