भांडेर/दतिया/मप्र।
मध्यप्रदेश के दतिया जिले के भांडेर के ग्राम तिलेरा निवासी एसएएफ जवान की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। एसएएफ आरक्षक अमर सिंह दिनकर (बैच नंबर 517) पुत्र कन्हैया लाल निवासी तिलेरा अपने भतीजे मलखान दिनकर पुत्र गोरे लाल के साथ बाइक पर सवार होकर भांडेर के काजीपाठा निवासी अपनी चाची पानकुंवर पत्नी मंशाराम दिनकर के यहां गमी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। जब वे लहार रोड स्थित अंजनी माता मंदिर मार्ग के पास पहुंचे तो वहां आवारा पशु से उनकी बाइक टकरा गई। इस हादसे में जहां अमर सिंह की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मलखान गंभीर रूप से घायल हो गया।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को उपचार के लिए भांडेर अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर हालत होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज दतिया के लिए रेफर कर दिया गया है। यह घटना सोमवार रात 10 से 11 बजे के बीच की बताई जा रही है। मृतक जवान अमर सिंह के शव का मंगलवार को भांडेर में पीएम हुआ। उनके स्वजनों के मुताबिक मृतक अमर सिंह 16 नवंबर को भोपाल से घर वापिस आए थे और 18 नबंवर को उन्हें वापस ड्यूटी पर लौटना था। वह भोपाल में बल्लभ भवन गेट नं 3 पर पदस्थ थे। मृतक के परिवार में चार लड़के हैं, जिनमें एक का विवाह हो चुका है। दूसरे का विवाह पक्का करने की तैयारी चल रही थी। शेष दो पुत्र नाबालिग हैं। इस मामले में भांडेर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
