डबरा/ग्वालियर/मप्र।
मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा शहर में जुआ खेले जाने की सूचना पर एक घर मेंं घुसे पुलिसकर्मियों के साथ घर और मोहल्ले के लोगों ने मारपीट कर दी साथ ही उन्हें पकड़ थाने ले आए। मोहल्ले के लोगों का कहना था कि पुलिसकर्मी उनके घर में घुस गए और महिलाओं के साथ अभद्रता की। इस वारदात में एक सिपाही घायल हो गया है। सिपाही अंकुश भार्गव ने बताया जुआ की सूचना मिलने पर उच्च अधिकारियों को सूचित करने के बाद पुलिसकर्मी सूचना वाले स्थान पर पहुंचे थे, जहां उन्हें स्थानीय लोगों ने घेर लिया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी मौके की नजाकत को भांपते हुए यहां से भागने लगे, इस बीच कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों की रायफल छीनने का भी प्रयास किया। कुछ लोगों ने सिपाही अंकुश को पकड़ लिया और जमकर मारपीट करते हुए थाने ले आए और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ का मामला दर्ज करने की मांग करने लगे।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुजुर्ग रोड पर जुआ खिलाए जाने की सूचना पर सिटी थाने के कुछ पुलिसकर्मी एक घर में घुस गए। जिसके चलते घर और मोहल्ले के लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी और पकड़ कर थाने ले आए। लोगों का कहना था कि पुलिसकर्मी घर में घुसकर उनकी महिलाओं से अभद्रता कर रहे थे। मोहल्ले के लोग पुलिसकर्मियों को पकड़कर थाने ले आए और उनके खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की मांग की।
एसडीएम के बंगले का घेराव किया
पुलिसकर्मियों पर एफआईआर करने की मांग पर अड़े लोग एसडीएम के बंगले का घेराव करने भी पहुंचे, जिसके बाद एसडीएम प्रदीप शर्मा लोगों से बात की,इस दौरान एसडीएम प्रदीप शर्मा ने कवरेज कर रहे मीडिया कर्मियों को अकड़ दिखाते हुए कवरेज करने से रोकने की भी कोशिश की है।
इनका कहना
महिलाओं ने पुलिसकर्मियों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए तत्कात एफआईआर दर्ज करने की मांग की। सिटी थाना टीआई केडी कुशवाहा ने जुआरियों के खिलाफ किसी भी पूर्व सूचना होने से इंकार किया है। टीआई ने दोनों पक्षों के आवेदन लेकर जांच करने की बात कहीं है।
