उमरिया/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के उमरिया में पदस्थ सहायक संचालक उद्यानिकी को दस हजार रूपये की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त रीवा की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सहायक संचालक उद्यानिकी के सरकारी आवास में की गई और बाद में आरोपित को सर्कित हाउस लाकर आगे की कार्यवाही पूरी की गई।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार वर्मा लोकायुक्त रीवा ने बताया कि सहायक संचालक उद्यानिकी राम अभिलाष साकेत पिता दशरथ प्रसाद साकेत उम्र 49 वर्ष पता ग्राम मझियार थाना बैकुंठपुर तहसील सिरमौर जिला रीवा ने अपने ही विभाग में पदस्थ ग्रामीण विकास उद्यान अधिकारी मस्तराम सिंह पिता श्री ग्वागल सिंह उम्र 50 वर्ष से रिश्वत की मांग की थी। मस्तराम सिंह की शिकायत पर उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार एवं निरीक्षक डोमन सिंह मरावी के नेतृत्व में लोकायुक्त पुलिस रीवा ने छापे की कार्रवाई की है।
आरोपित राम अभिलाष साकेत सहायक संचालक उद्यान जिला- उमरिया ने शिकायतकर्ता ग्रामीण विकास उद्यान अधिकारी मस्तराम सिंह से उनका एक बिल पास करने के लिए दस प्रतिशत राशि रिश्वत में मांगी थी। बताया गया है कि वर्ष 2019 में कृषक प्रशिक्षण सह भ्रमण कार्यक्रम के आयोजन में मस्तराम सिंह ने 184800 व्यय किए थे। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करके उन्होंने बिल दिनांक 23 -11- 2019 एवं 16- 6 -2020 को जमा कर दिए गए थे।
इसके बाद भी सहायक संचालक उद्यान जिला-उमरिया के द्वारा उक्त बिल स्वीकृत नहीं किए गए। बिल स्वीकृत करने के लिए राम अभिलाष साकेत सहायक संचालक उद्यान जिला-उमरिया द्वारा रिश्वत के रूप में राशि 184800 का 10 परसेंट रुपए रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत करने के बाद जब बुधवार को मस्तराम योजना बद्ध तरीके से दस हजार रूपये लेकर सहायक संचालक के घर पहुंचे तो लोकायुक्त ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
