बता दें कि प्रभुराम चौधरी एमपी के स्वास्थ्य मंत्री हैं। रायसेन जिले के सांची विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक हैं। इससे पहले वह कांग्रेस में थे। ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ बीजेपी में आए हैं। कमलनाथ की सरकार में स्कूली शिक्षा मंत्री थे। बीजेपी ने भी उन्हें मंत्री पद से नवाजा है। इससे पहले पत्नी की पोस्टिंग को लेकर विवादों में रहे थे।
भोपाल/मध्यप्रदेश।
मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में कोरोना कर्फ्यू (Corona Curfew) लगाया गया है, लेकिन लग रहा है यह कर्फ्यू केवल आम जनता के लिए ही है, क्योंकि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी (MP Health Minister Prabhuram Choudhary) के कर्मचारी बिना किसी खौफ के सरकारी गाड़ी में सरेआम शराब पीते हुए नजर आ रहे हैं। इस घटना का वीडियों सामने आने के बाद मंत्री प्रभुराम चौधरी सवालों के घेरे में घिर गए हैं। एमपी के स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी की सरकारी गाड़ी का एक वीडियो वायरल है। वायरल वीडियो में सरकारी गाड़ी के अंदर बैठकर तीन लोग देसी दारू की पार्टी कर रहे हैं। वहां के स्थानीय लोगों ने गाड़ी में शराब पार्टी का वीडियो बना लिया है। वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा, जिसमें कुछ लोग एक सरकारी कार में देसी शराब पीते दिख रहे हैं। गाड़ी का नंबर MP-02AV-6452 है। यह स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी को आवंटित है। पड़ताल में पता चला कि यह वीडियो रायसेन जिले के सतलापुर थाने के पास का है, जिसे यहां के रहवासियों ने बनाया। कर्मचारी सायरन बजा रहे थे, इसलिए रहवासियों ने सोचा कि पुलिस आई है। शराब पीने वाले कर्मचारी स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी के हैं और उनके सरकारी वाहन (एमपी-02-एवी-6452) में बैठ कर शराब पी थी।
कर्मचारी धमका कर भाग निकले

जब रहवासियों ने कार के पास जाकर देखा तो वहां तीन लोग शराब पी रहे थे। उन्होंने कर्मचारियों से बाहर निकलने को कहा तो वे बोले- ये सरकारी गाड़ी है, हाथ मत लगा देना। गाड़ी स्टार्ट करके जाने लगे। इसी दौरान वीडियो बना रह शख्स ने उनकी गाड़ी रोकने की कोशिश की। लेकिन उसे धमका कर भाग निकले।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सरकार को घेरा
स्वास्थ्य मंत्री @DrPRChoudhary की सरकारी गाड़ी में कोरोना खत्म करता उनका स्टाफ..
जो मंत्री कोरोना से मरते लोगों को बेड, ऑक्सीजन और इंजेक्शन उपलब्ध न करा सके, उनके स्टाफ के पास सरकारी गाड़ी में अवैध शराब वह भी लॉक डाउन में !
कुछ करो @ChouhanShivraj या @JM_Scindia का डर हैं ?
— digvijaya singh (@digvijaya_28) June 1, 2021
इस वीडियो के वायरल होने के बाद प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिधिया को ट्वीट कर आडे हाथों लेते हुए कहा है कि ‘स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी की सरकारी गाड़ी में कोरोना खत्म करता उनका स्टाफ। जो मंत्री कोरोना से मरते लोगों को बेड, ऑक्सीजन और इंजेक्शन उपलब्ध न करा सके, उनके स्टाफ के पास, सरकारी गाड़ी में अवैध शराब, वह भी लॉकडाउन में! कुछ करो शिवराज या सिंधिया का डर है?’
इनका कहना
जब इस बारे में मंत्री से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है। रविवार को बारिश हुई थी, उस दौरान स्टाफ के कर्मचारी किसी को छोड़ने गए थे, यह मामला उसी समय का हो सकता है। दोषियों पर कार्रवाई करूंगा।
