बता दें कि सिपाही रॉबिन की मौत से पुलिस कर्मियों के साथ ही क्षेत्रीय लोगों में शोक का माहौल है। चौकी पुलिस को तेजतर्रार,खुशमिजाज व फुर्तीले सिपाही को दुर्घटना में खोने का गम है। थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि सिपाही रॉबिन सिंह ईमानदारी व कर्तव्य निष्ठा के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करते थे। वह अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाते थे। ऐसे होनहार व तेजतर्रार सिपाही को खोने से महकमे को अपूर्णीय क्षति हुई है।
रायबरेली/उत्तरप्रदेश।
बछरावां थाना क्षेत्र की थुलेड़ी चौकी में तैनात सिपाही की सड़क हादसे में मौत हो गई। उसकी बुलेट पर बैठा महिला आरक्षी का भाई गंभीर रूप से घायल है, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं देर रात पुलिस ने ट्रैक्टर समेत चालक को गिरफ्तार कर लिया। सिपाही की मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से मय ट्रैक्टर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस ने नाकेबंदी शुरू कर दी देर रात ही ट्रैक्टर चालक को ट्रैक्टर के साथ रामपुर गांव के पास पुलिस ने दबोच लिया।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,2019 बैच के सिपाही रॉबिन सिंह (23) शनिवार शाम लगभग 6:00 बजे चौकी से महिला आरक्षी शालू सिंह के 20 वर्षीय भाई दीपक को अपनी बुलेट से लेकर बछरावां आ रहे थे । इसी दौरान बछरावां-महाराजगंज मार्ग पर थुलेड़ी गांव के पास ही तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया । ट्रैक्टर चालक के इमरजेंसी ब्रेक लगाते ही ट्रैक्टर सिपाही रॉबिन की बुलेट से जा टकराया। हादसे में रॉबिन व दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी बछरावां पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए रॉबिन को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। दीपक को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान देर रात सिपाही रॉबिन सिंह की ट्रामा सेंटर में मौत हो गई।
बहन की डोली से पहले,दुनियां से उठ गया भाई,परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
घटना के बाद परिवार जनों का रो रो कर बुरा हाल है। पूरा परिवार रॉबिन पर आश्रित था। पिता कृषि कार्य से गुजर बसर करतें है। बेटे की नौकरी में आ जाने से घर मे खुशहाली थी। बड़ी बहन की शादी 10 नवम्बर को होने वाली थी। जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रहीं थी। रॉबिन एक दो दिन में छुट्टियां लेकर घर जाने की तैयारियां कर रहा था। लेकिन विधाता को कुछ और मंजूर था।
आला अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की
मृतक सिपाही रोबिन सिंह को रायबरेली के रिजर्व पुलिस लाइन में लाया गया और समस्त आला अधिकारियों द्वारा श्रद्धांजलि दी गई और अंतिम समय में उसके पार्थिव शरीर को रायबरेली के पुलिस के द्वारा कंधा देकर सम्मान पूर्वक विदा किया गया। जिसमें उपस्थित रायबरेली एसपी श्लोक कुमार,महाराजगंज क्षेत्र अधिकारी राघवेंद्र चतुर्वेदी,एडिशनल एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव,सदर कोतवाल अतुल सिंह एवं समस्त महिला एवं पुरुष कांस्टेबल के साथ मृतक सिपाही रॉबिन सिंह को आखिरी सलामी एवं श्रद्धांजलि दी गई।
