“हमले में थानाप्रभारी धर्मसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए पुलिस ने लगातार पीछाकर एक माफिया को दबोच लिया, बाकी फरार हो गए बकौल थानाप्रभारी बजरी माफियाओं के खिलाफ धरपकड़ अभियान लगातार जारी रहेगा थानाप्रभारी का सैपऊ की सीएचसी में इलाज चल रहा है पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है”
धौलपुर/राजस्थान……
धौलपुर जिले में बजरी माफियाओं के हौंसले इस कदर बुलंद हैं कि वे पुलिस पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे हैं जिले में पुलिस पर हो रहे लगातार हमले प्रशासन की नाकामी को साबित कर रहे हैं। गुरुवार को फिर एक बार बजरी माफियाओं ने एक थानाप्रभारी पर पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में कौलारी थानाप्रभारी धर्म सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। उन्हें उपचार के लिए सैपऊ कस्बे की सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
क्या है मामला……
थानाप्रभारी ने बताया कि कौलारी-बसई नबाब मार्ग से बजरी माफिया चंबल से प्रतिबंधित बजरी को ले जा रहे थे। उन्हें रोकने के लिए टीम गठित कर सड़क मार्ग पर नाकाबंदी लगा रखी थी। जैसे बजरी के भरे ट्रैक्टर-ट्राली निकले तो पुलिस ने अवरोधक लगाकर रोकने का प्रयास किया लेकिन माफिया नाकाबंदी तोड़ते हुए भाग गए। पुलिस ने पीछा किया तो ट्राली के ऊपर बैठे माफियाओं के कारिंदों ने पत्थरों से हमला बोल दिया। हमले में थानाप्रभारी धर्मसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
