मेरठ/उत्तरप्रदेश……..
उत्तरप्रदेश की मेरठ पुलिस ने घर में चलाई जा रही अवैध हथियारों की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए कुछ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों के पास से पुलिस ने अधबने तमंचों सहित उन्हें बनाने का साजो-सामान जब्त किया है। पुलिस को ये कामयाबी उस वक्त मिली जब थाना नौचंदी पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान पुलिस ने रियाजुद्दीन को अवैध तमंचे और कारतूसों के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी इलियास के साथ मिलकर अवैध हथियार बना उन्हें बेचने का काम कर रहा था।
पुलिस ने दबिश देकर अवैध हथियार बनाने का सामान जब्त किया…….
रियाजुद्दीन की निशानदेही पर पुलिस ने छापा मारते हुए इलियास को भी पकड़ लिया और मौके से तीन बने हुए और कई अधबने तमंचे बरामद किए गए। साथ ही मौके से उन्हें बनाने का सामान भी बरामद हुआ है। दोनों काफी समय से इस गोरखधंधे में लगे हुए थे और मौका देखकर अलग-अलग दाम में अवैध हथियार बेच रहे थे। इन शातिरों ने किस-किस को अवैध हथियार बेचे हैं, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
