ग्वालियर/मध्यप्रदेश………..
मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर के झांसी रोड थाना पुलिस ने भाजपा नेता के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। महिला ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेता ने कार में लिफ्ट देने के बहाने उसके साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस ने भाजपा नेता को हिरासत में ले लिया है। भाजपा नेता का नाम अनूप करोसिया बताया गया है और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष बताया जा रहा है।
क्या है मामला………..
झाँसी रोड थाने पहुंची महिला ने शिकायत में बताया कि वो मंगलवार को दिन में प्रभा होटल के बाहर सवारी वाहन का इंतजार कर रही थी उसे महाराज बाड़े जाना था तभी वहां अनूप करोसिया अपनी सफारी कार से आया और उसने गाड़ी रोककर कहा कि वो उसे जानता है और उसे छोड़ देगा। महिला ने विश्वास किया और उसके साथ बैठ गई। गाड़ी में बैठते ही अनूप करोसिया ने गाडी महाराज बाड़े की बजे चिरवाई की तरफ दौड़ा दी । महिला ने विरोध किया लेकिन अनूप ने गाड़ी नहीं रोकी और चूँकि गाडी के शीशों पर काली फिल्म चढ़ी हुई है इसलिए कोई राहगीर भी कुछ नहीं देख पाया। महिला ने बताया कि अनूप ने चिरवाई इलाके में एक मकान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जैसे तैसे महिला अपने घर पहुंची। उसने हिम्मत कर गुरुवार को झाँसी रोड थाने पहुंचकर शिकायत की। शिकायत लेने के बाद पुलिस ने चिरवाई स्थित उस मकान में जाकर घटना की तस्दीक की उसके बाद महिला की शिकायत पर अनूप करोसिया के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस भाजपा नेता को पकड़ने के लिए हाथपैर मारने लगी और फिर रात को पुलिस ने अनूप करोसिया को उसकी सफारी कार के साथ हिरासत में ले लिया। कार के आगे भाजपा के झंडे का रंग और उपाध्यक्ष लिखा हुआ है। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है।
