“सोचने की बात है कि ऐसी घटनाओं से क्या आमजनता का विश्वास जीता जा सकता क्योंकि जब रक्षक ही सुरक्षित नही तो आमजनता का तो हाल बेहाल होना पक्का हैं”
ग्वालियर/मध्यप्रदेश………..
मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि पुलिसवालों को खुली चुनौती दे रहें हैं। दूसरों के घरों की सुरक्षा करने वाले पुलिसकर्मियों के घरों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। बीती रात बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के घरों में ही सेंधमारी कर दी। चोर थाने के पीछे स्थित शासकीय क्वार्टरों के ताले चटकाकर सोने-चांदी के जेवरात व नगदी सहित एक लाख से ज्यादा का माल चोरी कर फरार हो गए। चोरी का पता चलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है मामला……….
तिघरा थाने के पास शासकीय क्वार्टरों में आरक्षक मनोज सिंह तोमर और एफआरवी चालक आनंद सिकरवार रहते हैं। बीती रात मनोज थाने में पहरा दे रहा था, जबकि आनंद एफआरवी पर तैनात था। मनोज और आनंद के क्वार्टरों में ताले लगे हुए थे। चोरों ने देर रात दोनों के क्वार्टरों में सेंधमारी कर दी। चोर मनोज के क्वार्टर से पांच हजार रुपए से ज्यादा की नगदी, सोने की अंगूठी, गैस सिलेण्डर, इन्डक्शन कुकर , प्रेस और आनंद के क्वार्टर से साढ़े चार हजार रुपए नगद व पंखा सहित हजारों रुपए की चोरी करके ले गए। चोरी का पता सुबह उस समय चला, जब मनोज अपने क्वार्टर पहुंचा। थाने के पीछे स्थित क्वार्टरों में चोरी का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना करने के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
