सागर/उज्जैन/मप्र।
मध्यप्रदेश (Madhya pradesh) के सागर में लोकायुक्त (Lokayukta) टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।
सागर लोकायुक्त की टीम ने सोमवार को पीडब्ल्यूडी पीआइयू में पदस्थ एसडीओ मुलायम प्रसाद अहिरवार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एसडीओ ने ठेकेदार से बिलों का भुगतान कराने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। लोकायुक्त टीम ने तहसील परिसर स्थित पीडब्लूडी के दफ्तर में एसडीओ को 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे पकड़ा है।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,एसडीओ मुलायम प्रसाद अहिरवार बीना के ठेकेदार नीलेश दीक्षित से खुरई व मालथौन में बनाए गए इनडोर स्टेडियम के रनिंग कार्य के एवज में भुगतान किए जाने के बदले में रिश्वत मांग रहा था। दीक्षित ने इसकी शिकायत तीन-चार दिन पहले लोकायुक्त एसपी से की थी। इसके बाद रिश्वत के लेनदेन की संबंध में ठेकेदार व एसडीओ की बातचीत रिकार्ड कराई गई। इसके बाद जब रिश्वत लेने की बात व स्थान तय हुआ, तब मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की गई। लोकायुक्त डीएसपी राजेश खेड़े के मुताबिक ठेकेदार नीलेश दीक्षित मालथौन व खुरई में इनडोर स्टेडियम का काम कर रहे हैं। इसके भुगतान के संबंध में जब उन्होंने एसडीएम से बात की तो उनके 22 हजार पांच सौ रुपये की मांग की गई। दीक्षित ने रुपये कम करने की बात कही तो 20 हजार रुपये में लेन-देन तय हुआ। सोमवार को जब नीलेश दोपहर बाद यह रिश्वत की राशि लेकर

एसडीओपी मुलायम प्रसाद अहिरवार के पास पहुंचे। जैसे ही उन्होंने यह राशि दी व एसडीओ ने ली, तभी लोकायुक्त पुलिस ने उन्हें रंगेहाथों पकड़ लिया। उनके हाथ केमिकल से धुलवाए तो उनके हाथों से गुलाबी रंग निकलने लगा। लोकायुक्त टीम ने एसडीओ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया।
उज्जैन जिले में EOW ने पटवारी को 4 हज़ार की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा

उज्जैन/मध्यप्रदेश।
ईओडब्ल्यू (EOW) आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ टीम ने रिश्वत लेते पटवारी महेंद्र दरगोड़े पिता रघुनाथ को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले के महिदपुर इलाके में की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पटवारी को 4 हज़ार की रिश्वत लेते पकड़ा गया है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,ईओडब्ल्यू ने महिदपुर जिला उज्जैन के पटवारी महेंद्र दरगोड़े पिता रघुनाथ को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। बताया जाता है कि पटवारी ऋण पुस्तिका के लिए की रिश्वत मांग रहा था। ईओडब्ल्यू डीएसपी अजय कैथवास की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
फरियादी किसान जयराज पिता नाथूलाल राठौर ने शिकायत की थी। प्राथमिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर ईओडब्ल्यू डीएसपी अजय केथवास, शिकायतकर्ता जयराज राठौर को लेकर पटवारी महेंद्र दरगोड़े के निजी ऑफिस पहुंचे। डीएसपी के सामने ही रिश्वत की रकम का लेनदेन हुआ। जैसे ही डीएसपी ने अपना परिचय दिया, पटवारी ने वहां से भागने की कोशिश की लेकिन ईओडब्ल्यू इंस्पेक्टर अजय सनकत, पीके व्यास, एसआई अशोक राव ने पटवारी को पकड़ लिया।
