ग्वालियर/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश शासन की आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (Economic Offences Wing) ने ग्वालियर के विजयराजे गर्ल्स कालेज के प्रोफेसर बीडी (भगवान दास) माणिक को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। प्रोफेसर शोधार्थी से थीसिस अप्रूव करने के लिए 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। प्रोफेसर को रिश्वत लेते हुए ईओडब्ल्यू की टीम ने सिटी सेंटर इलाके में पकड़ा है। प्रोफेसर माणिक विजयाराजे गर्ल्स कॉलेज में डांस विभाग में विभागाध्यक्ष हैं। और शहर के प्रतिष्ठित डांस टीचर हैं। इंस्पेक्टर यशवंत गोयल की टीम ने कार्रवाई की है।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,दिल्ली निवासी अवनीश कुमार गर्ल्स कालेज के नृत्य विभाग के एचओडी प्रोफेसर डॉ. बीडी माणिक के निर्देशन में शोध कर रहे थे। शोध के बाद अवनीश ने थीसिस लिखी थी। इस थीसिस को प्रोफेसर बीडी (भगवान दास) माणिक को अप्रूव करना था। लेकिन वे थीसिस को अप्रूव नहीं कर रहे थे। थीसिस को अप्रूव करने के एवज में प्रो माणिक ने 50 हजार रुपए रिश्वत के रूप में मांगे। अवनीश रिश्वत देने के लिए तैयार नहीं था। लेकिन थीसिस अप्रूव न होने पर अवनीश ने बात मान ली और रिश्वत के रूप में पहली किश्त 10 हजार रुपए देने का कहा। साथ ही उसने इस बात की शिकायत ईओडब्ल्यू से की। शिकायत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने रंगे हाथों प्रोफेसर को पकड़ने का प्लान बनाया और मंगलवार शाम को शोधार्थी अवनीश कुमार से 10 हजार रुपए देने के लिए कहा। टीम ने रुपयों में रंग लगा दिया। इसके बाद अवनीश ने प्रोफेसर को सिटी सेंटर में रिश्वत देने के लिए बुलाया था। जैसे ही सिटी सेंटर में प्रोफेसर आए और अवनीश ने उन्हें 10 हजार रुपए दिए। वैसे ही पास में मौजूद ईओडब्ल्यू की टीम ने प्रोफेसर को रंगे हाथों पकड़ लिया।
