भोपाल/मध्यप्रदेश…………
अपनी प्रेमिका के प्रेम में एक एसआई साहब ऐसे डूबे की सुधबुध के साथ अपनी सरकारी रिवाल्वर भी गवा बैठे। मामला सामने आने पर गोविंदपुरा थाने में पदस्थ एसआई आरपी सिंह पर गाज गिर गई है। एसपी साउथ राहुल कुमार लोढ़ा के अनुसार आरोपी को आज सस्पेंड कर दिया जाएगा। उसने सिक पर होते हुए भी अपनी सर्विस रिवालवर को जमा नहीं किया था। इतना ही नहीं उक्त रिवाल्वर को आरोपी की महिला मित्र ने चोरी कर लिया था। आरोपी महिला एसआई की एक क्रिएटा कार भी लेकर फरार हो गई थी। बता दें की इसी महिला को एसआई ने खुदके लिए आवंटित शिवाजी नगर स्थित डी 11/57 नंबर मकान दे रखा था। पुलिस सूत्रों की माने तो आरोपी महिला को हबीबगंज पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
क्या है मामला………….
जानकारी के अनुसार गोविंदपुरा थाने में पदस्थ एसआई आरपी सिंह दानिश नगर मिसरोद में रहते हैं। उनको शिवाजी नगर में एक मकान आवंटित है जिसमें उनकी महिला मित्र शीतल तोमर रहती है। सूत्रों की माने तो शीतल आरपी सिंह की कथित प्रेमिका हैं। वह 15 दिन पहले आरपी सिंह से विवाद के बाद उनकी क्रिएटा कार और उसमें रखी सर्विस रिवाल्वर चोरी कर फरार हो गई थी। जिसकी शिकायत आरपी सिंह ने थाना हबीबगंज में की थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है। जिसके बाद उसके खिलाफ चोरी की एफआईआर दर्ज की गई है। गौरतलब है कि आरपी सिंह की चोरी गई रिवाल्वर उन्हें अशोका गार्डन में पदस्थ रहने के दौरान मिली थी। इसके बाद वह कोतवाली थाने में पदस्थ रहे, हालांकि उन्होंने अशोका गार्डन में मिली रिवाल्वर को जमा नहीं किया। फिलहाल वह थाना गोविंदपुरा में पदस्थ हैं, तब भी उन्होंने इस रिवाल्वर को जमा नहीं किया था। उनकी इस करतूत के उजाकर होने के बाद आला अधिकारी नाराज हैं। जल्द ही उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। वहीं सूत्रों का दावा है कि शीतल तोमर पर करीब आठ से दस साल पहले जानलेवा हमला भी हो चुका है। जिसमें एक डाक्टर पर गोली चलाने के आरोप लगे थे। पुलिस इस मामले की भी तजदीक कर रही है।
