भिण्ड/मध्यप्रदेश……..
हमारे लिए कोई दिन खास नही होता, क्योंकि हमारा कभी अवकाश नही होता। यह लाइन पुलिस विभाग के लिए बिल्कुल उपयुक्त होगी क्योंकि
नौकरी सभी करतें है पर यह विभाग ऐसा है 24 घंटे नौकरी करता है। इसी को मद्देनजर देखते हुए भिण्ड पुलिस अधीक्षक ने अनूठी पहल की है जिससे आरक्षक से लेकर उप निरीक्षकों तक के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें स्वंय के अलावा अपने बच्चों के जन्म दिवस तथा शादी की सालगिरह पर स्वत: अवकाश मिलेगा। इतना ही नहीं महीने में एक अवकाश अतिरिक्त रूप से भी प्रदान किया जाएगा। भिण्ड पुलिस अधीक्षक रूडोल्फ अल्वारेस ने अपने स्तर पर यह आदेश जारी किया है। पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रखने के उद्देश्य से एसपी ने यह पहल की है। यहां बता दें कि परिवार में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम होने के उपरांत भी संबंधित पुलिस कर्मी के अक्सर ड्यूटी पर तैनात रहने से उनके स्वभाव में चिड़चिड़ापन देखा जा रहा था।
ऐसे में न केवल ड्यूटी को ठीक तरह से अंजाम देने में परेशानी उत्पन्न होती है बल्कि संबंधित पुलिस कर्मी के घर में अक्सर कलह की स्थिति भी निर्मित होती हुई देखी जा रही थी। उपरोक्त समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक ने विशेष दिनों के लिए छुट्टियों का तोहफा कर्मचारियों को दिया है। इस संबंध में उन्होंने 23 जून को आदेश जारी कर दिया है।
हाल ही में हुई घटनाओं से लिया सबक……..
घटना 1……
– मिहोना थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक रामकुमार शुक्ला ने 02 अक्टूबर 2017 को तनाव के चलते जहर खाकर खुदकुशी कर ली थी।
घटना 2……
– अटेर रोड इलाके में पत्रकार संदीप शर्मा के घर की सुरक्षा में तैनात आरक्षक मुकेश राठौर ने 20 जून की अल सुबह अपनी ही सर्विल रायफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी।
इनका कहना…….
"बेहतर पुलिसिंग के लिए पुलिसकर्मियों का तनाव मुक्त रहना आवश्यक है। उनके व्यक्तिगत जीवन में खुशहाली आए और वे तनाव मुक्त रहकर ड्यूटी करें इसी उद्देश्य से जन्मदिन और शादी की सालगिरह के लिए अवकाश स्वीकृत किए गए हैं।"
–-रूडोल्फ अल्वारेस, पुलिस अधीक्षक भिण्ड
