“बता दें कि ब्यूरो ने भरतपुर के नगर थाने में पदस्थापति एएसआई पूरन सिंह को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा है”
भरतपुर/राजस्थान………….
जयपुर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शनिवार को भरतपुर के नगर पुलिस थाने में बड़ी कार्यवाही करते हुए एक सहायक पुलिस उप निरीक्षक (ASI) को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एएसआई रिश्वत की यह राशि मारपीट के एक मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने की एवज में ले रहा था।
क्या है पूरा मामला……………
एसीबी जयपुर के सीओ चित्रगुप्त माहौर ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर कलां निवासी परिवादी सतराम प्रजापति ने ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि कुछ दिन पहले उसका पड़ोसी से झगड़ा हो गया था जिसकी रिपोर्ट थाने पर दर्ज कराई थी। इसकी जांच एएसआई पूरन सिंह पर थी। एएसआई ने मामले में प्राण घातक हमले की धारा 307 जोडऩे के लिए परिवादी से 30 हजार रुपए की मांग की थी। शिकायत का सत्यापन कराया जिसमें वह सही मिली। जिस पर ब्यूरो की टीम ने शनिवार नगर पहुंच गई। एसीबी ने परिवादी सतराम को थाने में एएसआई के पास भेजा। परिवादी ने दोपहर करीब 3 बजे थाना परिसर में एएसआई के सरकारी आवास पर पहुंचकर उक्त रकम एएसआई को दी। इशारा देख ब्यूरो की टीम ने एएसआई को रंगे हाथ धरदबोचा। टीम ने एएसआई से 30 हजार रुपए बरामद कर लिए और उसे गिरफ्त में ले लिया।
