“बता दें कि जबलपुर के कोतवाली थाने ने इन दो बदमाशों के खिलाफ इनाम का ऐलान किया हुआ था। विजय यादव के बारे में जानकारी देने पर तीस हजार और समीर खान के बारे में बताने पर 15 हजार का इनाम घोषित किया था”
नरसिंहपुर/जबलपुर/मप्र……….
मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर के सुआतला थाना के कुमरोडा गांव के पास जबलपुर के दो इनामी अपराधियों को नरसिंहपुर पुलिस ने मार गिराया है। दोनों पर हत्या, लूटपाट,अवैध वसूली सहित अन्य गंभीर मामले दर्ज थे। पुलिस मुठभेड़ में मारे गए अपराधियों का नाम विजय पिता बच्चू यादव और समीर खान बताए जा रहे हैं। इन पर जबलपुर के कांग्रेस नेता राजू मिश्रा और कुक्कू पंजाबी की हत्या का भी आरोप था। इस मुठभेड़ में एएसपी राजेश तिवारी, गोटेगांव टीआई प्रभात शुक्ला और एक प्रधान आरक्षक भी घायल हुए हैं।
कैसे हुई पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़………..
सोमवार तड़के तीन बजे नेशनल हाईवे 12 पर ये मुठभेड़ हुई। जिसमें राजेश शर्मा नाम के एक प्रधान आरक्षक भी घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। फिलहाल जिला अस्पताल को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। यहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किए हैं। इस एनकाउंटर में शामिल रहे एएसपी राजेश तिवारी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से बदमाशों के इलाके में बड़ी वारदात अंजाम देने की जानकारी मिली थी। इसके बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया था। सोमवार तड़के तीन बजे पुलिस को एक गाड़ी नजर आई। जिसे रोकने की कोशिश की गई तो अंदर से फायरिंग शुरू हो गई। पुलिस ने मोर्चा लेते हुए जवाबी फायरिंग की। जिसमें कार में बैठे दो बदमाशों को गोली लगी। जिन्हें अस्पताल के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां दोनों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एनकाउंटर के दौरान दोनों तरफ से 15 से 17 राउंड गोली चली है। इस एनकाउंटर में घायल हुए पुलिस अफसरों को जिला अस्पताल लाया गया है। यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
कुख्यात अपराधी थे दोनों……….

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों बदमाश विजय यादव और समीर खान का पूरे महाकोशल में दबदबा था। दोनों पर हत्या, अपहरण और अवैध वसूली से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज थे। विजय यादव लंबे वक्त से फरार चल रहा था। वो जबलपुर के गोरखपुर इलाके का रहने वाला था। इस पर हत्या, आर्म्स एक्ट के अलावा कई और संगीन धाराओं में मामले दर्ज थे। वहीं इस मुठभेड़ में मारा गए दूसरे बदमाश समीर हनुमानताल का रहने वाला था और उस पर भी कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज थे और वो भी लंबे वक्त से फरार चल रहा था।
इनका कहना…………
नरसिंहपुर एसपी गुरुकरण सिंह ने बताया कि, "ये दोनों बदमाश ढाई साल से फरार चल रहे थे। सोमवार तड़के जब इन्हें रोकने की कोशिश की तो इन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश ढेर हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं।"
