अहमदाबाद/गुजरात………….
गुजरात में कच्छ के जखौ बंदरगाह से भारतीय तटरक्षक बल (आई सी जी) ने 600 करोड़ रुपये के ड्रग्स सहित छह पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक बल गत दो दिनों से इनकी तलाश कर रहे थे। समुद्र में भारत के तटरक्षक बल का यह सबसे बड़ा ऑपरेशन है। एजेंसियों के हाथ ड्रग्स से भरे 194 पैकेट ही लगे जबकि बोट में सवार लोगों ने बड़ा ज़खीरा समन्दर में फेंक दिया है। अब तक इस मामले में कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि 7 लोगों से पूछताछ की जा रही है। कोस्ट गार्ड सूत्रों ने बताया कि, जब बोट को इंटरसेप्ट किया तब बोट में सवार लोगों ने ड्रग्स के थैले समुद्र में फेंकने शुरू कर दिए थे। बावजूद 600 करोड़ की ड्रग्स पकड़ने में कोस्टगार्ड सफल रहा। अगर पूरा जखीरा पकड़ा गया होता तो उसकी बाजार कीमत और करोड़ों में होती।
क्या है पूरा मामला………….
जानकारी के अनुसार, यह ड्रग्स पाकिस्तान से भारत लाया जा रहा था। जिस बोट से यह ड्रग्स पकड़ा गया है, उसका रजिस्ट्रेशन पाकिस्तान में हुआ है। उसका नाम अलमदीना है। पकड़े गए नागरिकों की नागरिकता की जांच जारी है। प्राथमिक पूछताछ से यह स्पष्ट हो गया है कि ये पाकिस्तानी नागरिक हैं। भारतीय तटरक्षक बल के एडिशनल डायरेक्टर जनरल वीएसआर मूर्थि ने बताया कि भारतीय कोस्टगार्ड की इस वर्ष की यह दूसरी सबसे बड़ी घटना है। पहली घटना मार्च में हुई थी। तब तटरक्षक बल ने 100 किलो हेरोइन पकड़ी थी। मंगलवार सुबह नौ बजे तटरक्षक बल की बोट ने अलमदीना नामक बोट को अपने कब्जे में ले लिया। बोट में छह पाकिस्तानी क्रू भी सवार हैं। पूछताछ में इन्होंने बताया कि वे करांची के हार्बर से भारत आने के लिए रवाना हुए थे।
दो दिन पहले ही भारतीय तटरक्षक बल को इसकी जानकारी मिल गई थी। जिसके बाद इसकी खोजबीन के लिए दो बोट और एक एयरक्राफ्ट की मदद से यह ऑपरेशन शुरू किया गया था। मंगलवार सुबह नौ बजे तक ड्रग्स सहित बोट बरामद कर ली गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ड्रग्स की कीमत करीब 600 करोड़ रुपये से भी अधिक है। मामले की छानबीन जारी है।
