ग्वालियर/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में बदमाश इतने बेखौफ हो गए हैं की पुलिस चौकी से सटे होटल में आधी रात जमकर उत्पात मचाते रहे और पुलिस को इनकी भनक भी नही लगी। वो भी स्टेशन जैसे संवेदनशील इलाके में जहां पुलिस मुस्तैदी के साथ चेकिंग कर रही हैं। यहाँ पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह उठ रहे हैं। हर कोई हैरान है कि पुलिस चौकी की दीवार से सटे इस होटल में इतनी देर कैसे बदमाशों का तांडव चलता रहा। दरअसल, कोरोना कर्फ्यू के बीच आधी रात को कुछ बदमाश स्टेशन बजरिया में जैन रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ मचाते रहे। पर 10 कदम की दूरी पर पुलिस चौकी खाली पड़ी थी। घटना रविवार-सोमवार दरमियानी रात की है। हमलावरों के भागने के बाद होटल मालिक ने पुलिस को सूचना दी। हमलावर हफ्ता वसूली करने आए थे। खुद को चोटीवाला रेस्टोरेंट का कर्मचारी बता रहे थे। पर कर्फ्यू में पुलिस चौकी के पास इस तरह की तोड़फोड़ बताती है कि बदमाशों के बीच पुलिस का खौफ बचा ही नहीं है। पड़ाव पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। वहीं होटल के CCTV कैमरे में पूरी हरकत कैद हो गई है।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,दरअसल स्टेशन बजरिया स्थित पुलिस चौकी से सिर्फ 10 कदम की दूरी पर व्यवसायी मनोहर लाल जैन का जैन रेस्टोरेंट के नाम से होटल है। रविवार-सोमवार दरमियानी देररात 5 से 6 बदमाश जैन रेस्टोरेंट पर पहुंचे। यहां उन्होंने रेस्टोरेंट के बाहर तोड़फोड़ करना शुरू कर दी। गालियां देते हुए होटल में पत्थर फेंके। रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी संचालक की गाड़ी को जमीन पर पटककर पत्थर मारकर तोड़ दिया। हमला करते हुए बदमाश चिल्ला रहे थे उनको हफ्ता नहीं मिला तो होटल नहीं चलने देंगे। साथ ही संचालक को धमकी देकर बदमाश वहां से भाग गए। घटना के समय पुलिस चौकी पर एक भी पुलिसकर्मी नहीं था। जिस कारण उत्पात मचा रहे बदमाशों को रोका नहीं जा सका।
होटल व्यवसायी ने चोटीवाला रेस्टोरेंट के मालिक पर आरोप लगाए
रेस्टोरेंट संचालक मनोहरलाल का आरोप है कि वह बदमाश उन से हफ्ता वसूली मांग रहे थे। हफ्ता वसूली नहीं देने पर उन्होंने तोड़फोड़ कर दी। वहीं तोड़फोड़ की वारदात पास की लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। एक बादमाश को रेस्टोरेंट संचालक जैन ने चरण सिंह राठौर के रूप में पहचाना है। इस वारदात की शिकायत रेस्टोरेंट संचालक ने पुलिस थाने में की है। पुलिस की जांच पड़ताल में पता चला है कि वह स्टेशन बजरिया स्थित चोटीवाला रेस्टोरेंट के कर्मचारी थे। जिन्होंने इस तोड़फोड़ की वारदात को अंजाम दिया था।
इनका कहना
विवेक अष्ठाना TI पड़ाव थाना का कहना है कि रेस्टोरेंट संचालक से हफ्ता वसूली करने आए बदमाशों ने वसूली ना देने पर रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ कर दी। मामला दर्ज कर लिया गया है। CCTV फुटेज से हमलावरों की पहचान हो गई है। हमलावरों की तलाश जारी है।
