बता दें कि उदय भूषण ने सोमवार को ग्वालियर आईजी से मामले में लिखित शिकायत की है। शिकायत के बाद एसपी राजेश सिंह चंदेल ने एसआई प्रियंका जैन को निलंबित कर जांच एएसपी को सौंप दी है। इस मामले में एसपी राजेश सिंह का कहना है कि वीडियो के आधार पर फिलहाल एसआई को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच एडिशनल एसपी को सौंपी है।
शिवपुरी/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की सिटी कोतवाली पुलिस थाने में पदस्थ महिला एसआई द्वारा राजस्थान के धौलपुर में पत्नी को ढूंढने के लिए युवक से 10 हजार रुपए की रिश्वत ले ली। युवक ने ग्वालियर आईजी से मामले की शिकायत कर दी और रिश्वत लेते हुए वीडियो भी वायरल हो गया। पुलिस अधीक्षक शिवपुरी राजेश सिंह चंदेल ने एसआई प्रियंका जैन को तत्काल निलंबित कर दिया है। मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार भूरिया को सौंप दी है।
क्या था पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के मुताबिक उदय भूषण सिंह पुत्र केबी सिंह निवासी मनियार बायपास टोल टैक्स के पास राजीव नगर शिवपुरी की पत्नी 5 अगस्त 2020 को घर से बिना बताए चली गई थी। सिटी कोतवाली पुलिस थाने में गुमशुदगी के बाद पुलिस ने ढूंढने का प्रयास नहीं कर रही थी। उदय भूषण ने अपनी पत्नी राजस्थान के धौलपुर में होने की बात कही। लेकिन जांच कर रहीं कोतवाली की महिला एसआई प्रियंका जैन ने धौलपुर जाने के लिए युवक के सामने बीस हजार रुपए की मांग रख दी।
एसआई जैन ने 8 दिसंबर को उदय भूषण को बुलवाया। एक गाड़ी में महिला एसआई और उदय भूषण के बीच रिश्वत को लेकर बातचीत हुई, जिसका वीडियो उस दौरान बना लिया। जिसमें दस हजार रुपए बतौर रिश्वत युवक ने गिनकर दिए हैं। जबकि शेष दस हजार रुपए धौलपुर से लौटकर देने की बात कही है।
फरियादी का कहना
गौरतलब है कि महिला एसआई प्रियंका जैन कोतवाली में पदस्थ थी और इस प्रकरण में जांच अधिकारी भी रही हैं। फरियादी का कहना है कि कार्रवाई के नाम पर पिछले 5 महीने से उसे सिर्फ घुमाया जा रहा था। लेकिन रिश्वत देने के अगले ही दिन कोतवाली टीआई बादाम सिंह यादव ने उसे फोन करके कहा कि तुम कल चले जाओ, हमने टीम बना दी है। फरियादी ने पैसे मांगने का कथित ऑडियो-वीडियो भी जारी किया है, जिसमें कार्रवाई के नाम पर उससे पैसे मांगे जा रहे हैं।
क्या है वीडियो में
दस हजार रुपए की रिश्वत लेने का जो वीडियो सामने आया है, उसमें शिकायतकर्ता उदय भूषण और एसआई प्रियंका जैन के बीच बात हंसी-ठिठोली हो रही है। दोनों एक-दूसरे को भाई-बहन का उल्लेख कर रहे हैं। वीडियो पर गौर करें तो युवक किसी प्रकार के दबाव में दिखाई नहीं दे रहा है।
हम वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नही करतें हैं
