बता दें कि सोशल मीडिया में वायरल हुए मैसेज में गोविंदा उर्फ लकी पर TT नगर और MP नगर थाने में अपराध दर्ज होने की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस जांच की बात कह रही है। वायरल मैसेज में लकी के साथ दिख रहे इशान उपाध्याय, हेमंत ठाकुर, भवानी का भी आपराधिक रिकार्ड बताया गया है। गोविंदा इन्हीं साथियों के साथ केक काटने TT नगर थाना पहुंचा था।
भोपाल/मध्यप्रदेश।
अपराधियों का राजनीतिक करण हमेशा से एक बड़ी समस्या रही है। समय-समय पर सभी राजनैतिक पार्टियां इस मुद्दे को उठाती भी रही हैं लेकिन सत्ता में आने के बाद राजनैतिक मजबूरी कहें या कुर्सी का मोह सब अपने सिद्धांतों से समझौता कर लेते हैं।
दरअसल,सीएम शिवराज लगातार कानून व्यवस्था की समीक्षा कर इसे दुरुस्त करने के निर्देश दे रहे हैं। वहीं कुछ पुलिस अधिकारी व उनकी पार्टी के नेता ही सीएम की इन कोशिशों में पलीता लगाने में जुटे हैं।
मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) की राजधानी भोपाल (Bhopal) में एक थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया गया। उनका एक वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में वे थाने में आपराधिक प्रवृत्ति के युवक का केक कटवाते और खिलाते दिखाई दे रहे हैं। थाना प्रभारी को ये कार्यक्रम राजनीतिक दबाव में करना पड़ा था।
दरअसल,टीटी नगर थाना प्रभारी शैलेंद्र शर्मा को एक बार फिर लाइन अटैच कर दिया गया है। इससे पहले बागसेवनिया टीआई रहते हुए उन्हें गांजा तस्कर जस्सा को पकड़कर छोड़ने के मामले में डीआइजी ने लाइन अटैच कर दिया था। आठ महीने पहले ही टीटी नगर थाने में शर्मा की प्रभारी के रूप में पद स्थापना हुई थी।
क्या है पूरा मामला,राजनीतिक दबाव में आ गए टीआई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, TT नगर थाने के प्रभारी शैलेंद्र शर्मा की दो दिन पहले देर रात भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार से बहस हो गई थी। क्योंकि, शर्मा ने पवार से DJ बंद करने को कहा था। डीजे पवार के दोस्त गोविंदा कुशवाह उर्फ लकी के जन्मदिन पर बजाया जा रहा था। बहस बढ़ी तो पवार ने पुलिस प्रशासन पर दबाव डालकर TI को थाने से हटाने की मांग की।
धीरे-धीरे मामला गरमा गया। इस बीच टीआई शैलेंद्र शर्मा राजनीतिक दबाव में आ गए। उन्होंने आपराधिक प्रवृत्ति के गोविंदा को थाने में बुलाकर केक कटवा दिया
केक कटने के दौरान वीडियो भी बनाया गया, जो वायरल हो गया। हालांकि, इस मसले पर थाना प्रभारी ने अपनी सफाई भी दी है। उन्होंने कहा है कि पवार इस बहस को खत्म करना चाहते थे। वे खुद केक लेकर आए इसलिए उन्हें केक काटने के लिए कह दिया। पवार के साथियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी उन्हें नहीं थी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पवार के साथ ऐसे युवक भी थाने आए, जो आपराधिक प्रवृत्ति के हैं।
बदमाशों के खिलाफ कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं
बताया जा रहा है कि बीजेपी नेताओं ने थाना प्रभारी को फोन कर लकी कुशवाह से माफी मांगने और उसका सम्मान करने के लिए कहा था। इसके बाद टीआई ने थाने के भीतर केक कटवाया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें टीटी नगर थाना प्रभारी चार बदमाशों के साथ थाने के भीतर केक काटते देखे जा सकते हैं। इस दौरान लकी के साथ तीन और लोग भी मौजूद थे। लकी कुशवाह बीजेपी के यूथ इकाई BJYM का पदाधिकारी भी है।
वीडियो में दिख रहे तीन अन्य लोगों का पहचान कुख्यात बदमाश हेमंत ठाकुर, ईशान उपाध्याय और भवानी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हेमंत ठाकुर सट्टा और जुए खिलवाने काम करता है। खास बात यह है कि इन चारों बदमाशों के खिलाफ कई थानों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
अपराध विभाग के HOD हैं विश्वास सारंग: कांग्रेस
मामले पर यूथ कांग्रेस के मीडिया प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने कहा है कि, ‘मध्य प्रदेश पुलिस का आधिकारिक टैगलाइन ‘देश भक्ति, जन सेवा’ है। हालांकि, काम के आधार पर इसे बदलकर ‘नेता भक्ति, बदमाश सेवा’ कर देना चाहिए।’ त्रिपाठी ने कहा कि राजधानी में संगठित रूप से अपराध फल फूल रहा है और इस पूरे आपराधिक दुनिया के सरगना विश्वास सारंग है।
त्रिपाठी ने कहा, ‘ये सभी को पता है कि राजधानी में सट्टा, जुआ से लेकर नशीले पदार्थों की तस्करी में जो लोग संलिप्त हैं, उन्हें सारंग का संरक्षण प्राप्त है।’ त्रिपाठी ने सारंग को अपराध विभाग का HOD करार देते हुए कहा कि वे गुंडे-बदमाशों के पूज्य हैं और अपराध की दुनिया में सबसे प्रतिष्ठित नाम हैं। त्रिपाठी ने पूछा कि जन्माष्टमी के मौके पर भोपाल जेल में जो कार्यक्रम हुए थे उसमें विश्वास सारंग क्यों गए थे? त्रिपाठी के मुताबिक जेल में बंद गुंडे-बदमाशों की भारी डिमांड पर जन्माष्टमी के आयोजन में सारंग को चीफ गेस्ट के रूप में भोपाल जेल बुलाया गया था।
त्रिपाठी ने कहा कि जेल में उन्होंने अपने अपराधी शिष्यों से उनके कारनामों का ब्यौरा लिया और उन्हें अपराध के जरिए कमाई के नए तरीके भी बताए। त्रिपाठी का कहना है कि शांति के लिए मशहूर झीलों की नगरी भोपाल की आबोहवा खराब करने में विश्वास सारंग का सबसे बड़ा हाथ है। त्रिपाठी ने आगे कहा कि आज के दौर में जहां रोजगार की घोर कमी है, अपराध विभाग के HOD विश्वास सारंग अपने शिष्यों को अपराध की दुनिया में 100 फीसदी प्लेसमेंट देते हैं।
