मंदसौर/उज्जैन/मप्र।
मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में उज्जैन लोकायुक्त ने रिश्वतखोर अधिकारियों पर आज दनादन कार्यवाहियों को अंजाम दिया। शुक्रवार को दो अधिकारियों पर लोकायुक्त की गाज गिरी। सीएमओ के बाद उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने गरोठ जनपद पंचायत के समन्वयक अधिकारी ओमप्रकाश राठौर को 5 हज़ार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,लोकायुक्त डीएसपी वेदांत शर्मा ने बताया कि गरोठ तहसील के रामनगर में रहने वाले शिकायतकर्ता दिनेश कुमार मीणा ग्राम पंचायत बर्रामा मैं रोजगार सहायक के पद पर पदस्थ हैं। इनके खिलाफ पिछले दिनों एक झूठी शिकायत की गई थी। इसी शिकायत की जांच के लिए जिला पंचायत सीएमओ ने 26 अगस्त 2021 को गरोठ जनपद सीईओ को आदेशित किया था। गरोठ सीएमओ ने मामले की जांच का जिम्मा जनपद समन्वयक अधिकारी ओमप्रकाश राठौर को दिया था। जब ओपी राठौर ने गांव में जाकर शिकायत की जांच की तो शिकायत झूठी निकली। इसके बावजूद भी जनपद समन्वयक ओपी राठौर ने मामले के निपटारे के लिए रोजगार सहायक दिनेश कुमार मीणा से 20 हजार रुपए की मांग की थी। फरियादी रोजगार सहायक ने इसकी शिकायत लोकायुक्त उज्जैन से की थी। टीम ने मामले को ट्रैप करते हुए आरोपी जनपद समन्वयक अधिकारी ओमप्रकाश राठौर को 5 हज़ार की पहली रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
