बता दें कि बीएमडब्ल्यू कार चला रहे रईसजादे ने यातायात की वाहन चैकिंग में गाड़ी रोकने की बजाय पुलिसकर्मियों के ऊपर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और जब रास्ता साफ हो गया तो धन्यवाद कहते हुए निकल गया। इस वाहन चालक के खिलाफ पुलिस ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
भोपाल/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के भोपाल में रईसजादे किस तरह खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाते हैं। इसका एक नमूना टीटी नगर इलाके से सामने आया है। यहां बीएमडब्ल्यू में सवार एक युवक ने ट्रैफिक पुलिस के जवानों द्वारा रोके जाने पर न सिर्फ उनके साथ झूमाझटकी की, बल्कि एक जवान पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास भी किया। सीट बेल्ट नहीं पहनने व कार का नंबर अधूरा देखकर ट्रैफिक पुलिस ने युवक की कार को रोका था। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, इंदौर से कार लेकर आए रईसजादे ने पुलिस के साथ बदतमीजी की। BMW कार का नंबर अधूरा देखकर पुलिसकर्मी ने उसे रोका, तो उसने सब इंस्पेक्टर के साथ झूमाझटकी की। यही नहीं, ट्रैफिक पुलिसकर्मी कार के आगे खड़ा हो गया, तो उसने पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश भी की। इसके बाद कार ड्राइवर धमकी देते हुए भाग गया। घटना रविवार दोपहर टीटी नगर इलाके की है। पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,दोपहर में कॉन्स्टेबल प्रवीण कुमार कुशवाह टीटी नगर में अपेक्स बैंक के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच, रोशनपुरा चौराहे की तरफ से नीले रंग की लग्जरी कार (MP09MM90) दिखाई दी। नंबर प्लेट पर अधूरा नंबर देखकर प्रवीण ने कार को रोक लिया। इस पर कार रईसजादा ड्राइवर तमतमाकर नीचे उतरा और धमकी देते हुए गाली-गलौज करने लगा।
इस दौरान एसआई गजराज सिंह भी आ गए। वह उसे समझाने लगे। ड्राइवर ने एसआई के साथ भी झूमाझटकी की। इसके बाद ड्राइवर कार में बैठकर गाड़ी स्टार्ट कर जाने लगा। दोनों पुलिसकर्मी कार के सामने खड़े होकर रोकने का प्रयास करने लगे। इसी बीच, कार ड्राइवर ने रफ्तार बढ़ा दी।
पुलिस ने मामला दर्ज किया
दोनों पुलिसकर्मियों ने कार के सामने से दूर हटकर जान बचाई। कार इंदौर में मधुरेश पब्लिकेशन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के नाम से रजिस्टर्ड होना बताई जा रही है। पुलिस उसके ड्राइवर की तलाश कर रही है। कॉन्स्टेबल प्रवीण की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
