बता दें कि पुलिस ने मारपीट की घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया,बाकी बचे आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही मारपीट की पूरी घटना पास के ही एक सीसीटीवी में कैद हो गई। घायल सब इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि वह हर रोज की तरह अपनी ड्यूटी से वापस गर लौट रहे थे तभी कुछ दबंगों ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया और उनके साथ मारपीट की।
मुरादाबाद/उत्तरप्रदेश।
यूपी के मुरादाबाद (Moradabad) में पुलिस को तेज आवाज में चल रहा डीजे बंद करवाना महंगा पड़ गया। जिले के कटघर थाना क्षेत्र के पीतल नगरी पुलिस चौकी के गांव बलदेवपुरी में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने सोमवार देर रात एक सब इंस्पेक्टर को रोककर बुरी तरह पिटाई कर के लहूलुहान कर दिया। इस दौरान दारोगा (Sub Inspector) को बचाने आए स्थानीय पार्षद को भी दबंगों ने नहीं छोड़ा, उनकी भी जमकर पिटाई कर दी।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,देर रात होली के जश्न में तेज आवाज में डीजे बजा रहे लोगों को पुलिस समझाने पहुंची थी, जिसके बाद लोगों ने पुलिस के आने पर डीजे तो बंद कर दिया, लेकिन उन्हें ये शक था कि पार्षद के फोन की वजह से पुलिस ने आकर डीजे बंद कराया है।
आरोप है कि दबंगों ने पार्षद को फोन कर चौकी में आग लगाने तक की धमकी दी, जिसके बाद स्थानीय पार्षद ने घटना की जानकारी कोतवाली कटघर पुलिस को देने के साथ ही मुरादाबाद पुलिस के आला अफसरों को भी दे दी। इसी दौरान उधर से गुजर रहे कोतवाली कटघर में तैनात सब इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र सिंह अपनी ड्यूटी पूरी करके घर जा रहे थे। तभी वहां शराब के नशे में खड़े में दबंगों ने उन्हें रोक लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।
यही नहीं, दबंगों ने सब इंस्पेक्टर की बाइक तक तोड़ डाली। पार्षद ने जब दबंगों से सब इंस्पेक्टर को बचाना चाहा तो दबंगों से उनकी भी जमकर पिटाई कर दी, जिसकी वजह से दोनों लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल ट्रीटमेंट के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। वहीं, कोतवाली कटघर पुलिस ने घटना के बाद हुड़दंग मचाने वाले 4 दबंग आरोपियों की गिरफ्तारी कर अन्य की तलाश शुरू कर दी है।
