बालाघाट/मध्यप्रदेश।
चोरी के मामले में गिरफ्तार एक आरोपित के पुलिस अभिरक्षा से भाग जाने के मामले में कोतवाली टीआई समेत सात पुलिस कर्मियों को एसपी अभिषेक तिवारी ने सस्पेंड कर दिया है। एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया है कि चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया था। आरोपित काला टीआई उर्फ कपूर कामडे पुलिस को चकमा देकर भाग गया था। इस मामले की भनक लगते ही एसपी अभिषेक तिवारी ने कोतवाली टीआई ,तीन सहायक उपनिरीक्षक और तीन आरक्षक के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की है। सोमवार की दोपहर बाद पुलिस अभिरक्षा से आरोपित काला टीआई चकमा देकर भागने में सफल हो गया था। इसे गम्भीर लापरवाही के मामले में एसपी ने कार्रवाई की है।
इन पर हुई कार्रवाई
पुलिस अभिरक्षा से आरोपित काला टीआई के भागने पर एसपी ने कोतवाली टीआई मंसाराम रोमड़े, एएसआई भुनेश्वर बामनकर, रामकिशोर राहंगडाले, भीमराव मेश्राम समेत आरक्षक राजेश सोनी,शहजाद खान,वेद हरिनखेड़े के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है।
क्या कहा गया है निलंबन आदेश में
थाने से चोर के पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने की घटना के बाद लापरवाह पुलिसकर्मियों के जारी निलंबन आदेश में पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी मंशाराम रोमड़े को लेकर गंभीर बात कही है। आदेश में लिखा है कि थाना कोतवाली में पदस्थ पुलिसकर्मियों के उपरोक्त आचरण से स्पष्ट है कि थाना प्रभारी का अपने अधिनस्थ कर्मचारियों पर नियंत्रण का अभाव है और थाना कार्य में अरूचि प्रदर्शित होती है। साथ ही थाने से चोर के भाग जाने के बाद भी थाना प्रभारी का तत्काल थाना नहीं पहुंचना, कर्तव्य के प्रति लापरवाही, गैर जिम्मेदारी और उदासीनता को प्रदर्शित करता है।
क्या था पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 अगस्त को दोपहर में नगरीय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 24 निवासी विहिप पदाधिकारी विमल गुप्ता के सूने मकान में शातिर चोर झुग्गी झोपड़ी निवासी काला टीआई उर्फ कपूर कामड़े ने घर के गेट को फांदकर और वजनी टाइल्स से लकड़ी के दरवाजे का एक पल्ला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। जहां चोरी करते समय मिली आहट पर पड़ोसियों ने विमल गुप्ता के घर की घेराबंदी और तत्काल ही इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। जिसके बाद घटनास्थल पहुंची पुलिस ने घर में घुसे चोर को पकड़कर उसके पास से चोरी की गई आर्टिफिशियल ज्वेलरी को बरामद किया था। पड़ोसियों की जागरूकता के चलते पकड़ा गया चोर को लेकर जब पुलिस थाने पहुंची तो वहां से वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग गया था।
चोर के भागने की घटना को छिपाने के लिए पुलिस ने गुमराह करने का काम किया
विमल गुप्ता के घर चोरी की घटना को लेकर पिता मां की गैर मौजूदगी में जब बेटी पुलिस में शिकायत करने पहुंची तो यहां थाने से चोर के भागने की घटना को छिपाने के लिए कोतवाली पुलिस द्वारा दर्ज कराई गई एफआइआर में पुलिस ने चोर को घटनास्थल से ही भगा दिया। जो विमल गुप्ता की बेटी प्रणिती गुप्ता द्वारा दर्ज कराई गई एफआइआर में स्पष्ट नजर आती है। इस तरह न केवल थाने से चोर के भागने में पुलिस की लापरवाही सामने आई है बल्कि एफआइआर जैसे गंभीर कार्रवाई में भी पुलिस ने गुमराह करने का काम किया हैं।
पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
चोरी की वारदात में रंगेहाथ पकड़ाया शातिर चोर कपूर कामडे उर्फ काला टीआई थाना लाए जाने के बाद बहाना कर पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाने से भागने में कामयाब रहा था। जिसको लेकर अपनी लापरवाही से अपनी ही किरकिरी करवा चुकी पुलिस के लिए फरार आरोपी को पकडऩे की चुनौती को चैलेंज के रूप में लेकर जगह-जगह उसकी तलाश की और अंतत: फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने गठित पुलिस टीम ने उसे झुग्गी झोपड़ी के पीछे जंगल वाले भाग से बीती रात गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि कपूर कामड़े उर्फ काला टीआई एक शातिर और आदतन चोर है,जिस पर पूर्व में कई चोरी के मामले दर्ज है।
इनका कहना
चोरी का आरोपित पुलिस को चकमा देकर भाग गया था। इस मामले में टीआई समेत तीन सहायक उपनिरीक्षक और तीन आरक्षक को निलंबित किया है। उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस अभिरक्षा से भागा आरोपित गिरफ्तार हो गया है।
–अभिषेक तिवारी, एसपी बालाघाट।
