ग्वालियर/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में लूटेरे कितने बेखौफ हैं इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महिला के सिर पर कट्टा अड़ाकर दिनदहाड़े सोने की चेन लूट ली गई। दरअसल,बुधवार शाम कम्प्यूटर व्यवसायी की पत्नी की एक्टिवा को ओवरटेक कर दो बदमाशों ने माथे पर कट्टा अड़ा दिया। बदमाशों ने गले में पड़ी चेन पर हाथ मारा। महिला ने चेन बचाई तो उन्होंने गोली मारने की धमकी दी। महिला के साथ में उसका बेटा भी था।
महिला ने बदमाशों के तेवर देख चेन ले जाने दी है। यह पूरी घटना पास ही एक घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कर दी है, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली है। लूटी गई चेन की कीमत 65 हजार रुपए बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र की कांति नगर कॉलोनी के चौराहे पर बुधवार को सरे राह दिनदहाड़े नकाबपोश बदमाशों ने चेन लूट की घटना को अंजाम दिया। लूट की शिकार महिला सुषमा चंदेल अपने बच्चे को एक्टिवा पर किला गेट से लक्ष्मीबाई कॉलोनी कोचिंग छोड़ने जा रही थीं तभी कांति नगर चौराहे पर बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला को ओवर टेक किया और उनके गले पर झपट्टा मारा, महिला ने विरोध किया तो बाइक पर पीछे पैठे बदमाश ने जेब से कट्टा निकाला और उसे दिखाते हुए चेन लूट ली और फरार हो गए। महिला के मुताबिक उसकी चेन करीब 65 हज़ार की है।
पीड़ित महिला के मुताबिक उसने मदद के लिए आवाज लगाई, चीखी चिल्लाई लेकिन कोई मदद के लिए नहीं आया जबकि चौराहे पर भीड़भाड़ थी गाड़ियां निकल रहीं थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने आसपास सीसीटीवी फुटेज तलाशे जिसमें लूट की घटना होते हुए दिखाई दी। उनका कहना है कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है ,सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
इनका कहना
लूट की शिकार सुषमा ने बताया कि वह अपने बेटे को कोचिंग छोड़ने जा रही थीं। तभी कांति नगर में ओवरटेक कर एक बदमाश ने गले पर झपट्टा मारा। सबसे पहले मैंने अपनी सोने की चेन बचाने गले पर हाथ रखा पर उस बदमाश के हाथ में कट्टा था जो उसने मेरे माथे पर तान दिया। उन्हें देखकर मैं दहशत में आ गई थी। बेटा भी साथ में था। मैंने चेन छोड़ दी। अगर मैं चेन नहीं देती तो वह गोली भी मार सकते थे।
