HomeBreaking Newsटोल टैक्स मांगने पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की,भगदड़ मची

टोल टैक्स मांगने पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की,भगदड़ मची

बता दें कि ग्वालियर-भिंड रोड पर महाराजपुरा थाना और मालनपुर थाना की सीमा पर बरैठा टोल टैक्स बैरियर है
फायरिंग में नीरू कुशवाह का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने भिंड पुलिस से संपर्क किया। पुलिस को पता चला है कि नीरू कुशवाह की कुछ दिन पहले ही हत्या के मामले में जमानत हुई है। पुलिस ने बताया कि फायरिंग करने वाले अन्य युवक भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। भिंड पुलिस को इनके फुटेज भेजकर पहचान करने की कोशिश की जा रही है।


ग्वालियर/मध्यप्रदेश।

टोल टैक्स के 40 रुपए मांगना बदमाशों को नागवार गुजरा और उन्होंने फायरिंग कर दहशत फैला दी। दरअसल,भिंड रोड स्थित महाराजपुरा बरैठा टोल प्लाजा पर मंगलवार की सुबह को कार में सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। युवकों ने रायफल से अंधाधुंध छह फायर किए। टोल प्लाजा पर गोलियां चलने से दहशत फैल गई। टोल प्लाजा का स्टाफ व वाहन चालक अपने-अपने वाहन छोड़कर गोलियों से बचने के लिए इधर-उधर भागे। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, मगर तब तक फायरिंग करने वाले युवक कार सहित भिंड की तरफ भाग गए।

क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,विवाद 40 रुपये के टोल वसूलने को लेकर हुआ था। कार में सवार युवक अपना नाम भिंड का नीरू कुशवाह बताते हुए धमका रहा था कि किस में हिम्मत है,जो उससे टोल ले। पड़ताल करने पर पता चला है कि नीरू कुशवाह हत्या के मामले में कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया है। गोली चलाने की घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं।
भिंड रोड पर स्थित टोल प्लाजा पर मंगलवार की सुबह एक कार ग्वालियर से भिंड जाने के लिए रूकी। टोल पर तैनात कर्मचारी ओमवीर ने कार में सवार युवकों से 40 रुपये का टोल मांगा। कार में सवार युवक ने अपना नाम नीरू कुशवाह बताते हुए कहा कि पहचाना नहीं है तो पहचान ले, मेरा नाम नीरू कुशवाह है, फिर कभी टैक्स मांगने की हिम्मत मत करना। इसी बात पर टोल के स्टाफ और कार में सवार युवकों से विवाद हो गया।

रायफल से फायरिंग की

कार से उतरकर नीरू कुशवाह व उसके साथियों ने रायफल से फायर करना शुरू कर दिए। गोलियां चलने से सबसे पहले टोल का स्टाफ इधर-उधर भागा। उसके बाद टोल चुकाने के लिए रूके चालक भी अपनी-अपनी गाड़ियां छोड़कर भाग गए। अंधाधुंध फायरिंग करने के बाद कार में बैठकर नीरू कुशवाह व उसके साथी भिंड की तरफ भाग गए।

इनका कहना

सीएसपी महाराजपुरा रवि भदौरिया ने बताया कि टोल टैक्स के 40 रुपये मांगने पर कार सवार बदमाशों ने हंगामा किया है। साथ ही फायरिंग की है। CCTV फुटेज के आधार पर महाराजपुरा थाना में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

वीडियो देखें

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!