दतिया/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के दतिया में मंगलवार सुबह कोतवाली थाना क्षेत्र के राजगढ़ चौराहे पर नगर पालिका में पदस्थ सफाई कर्मी से पुलिसकर्मियों ने मारपीट का मामला सामने आया था जिसे लेकर सफाई कर्मियों ने राजगढ़ चौराहे पर हंगामा भी किया था। पुलिस के आला अधिकारियों ने लगभग आठ घंटे की मशक्कत से इस मामले को शांत कराया था। बता दें कि इसी मामले को लेकर सफाई कर्मियों में एकजुट होकर नगर पालिका में कोतवाली टीआई के विरुद्ध मामला दर्ज करने को लेकर एसपी के नाम बडौनी एसडीओपी को ज्ञापन सौंपा है। इसके साथ ही सफाई कर्मियों ने खुली चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो हम हड़ताल पर चले जाएंगे।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,शहर में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए मंगलवार को पुलिस ने पूरे शहर में यानि किला चौक, टाउन हाॅल, राजगढ़ चौराहे पर एक साथ सुबह 10 बजे रोको टोका अभियान शुरू किया। बगैर मास्क लगाए लोगों के चालान काटे और उन्हें मास्क भी दिया। इसी दौरान नपा का टिपर वाहन लेकर ड्राइवर शनि वाल्मीकि सिविल लाइन की ओर से आया। वह गलत दिशा यानि रेंज आफिस के सामने से रिंग रोड की ओर जाने लगा। उसने मास्क भी नहीं लगा रखा था। टीआई शर्मा ने उसे रोका।

इस पर दोनों के बीच हल्की बहस हुई। चालक शनि ने अन्य सभी टिपर चालकों को विवाद की सूचना दे दी। सभी टिपर चालक वाहन लेकर राजगढ़ चौराहे पर एकत्रित हो गए और ट्रैफिक जाम कर दिया। चालकों का आरोप था कि टीआई शर्मा ने चालक को थप्पड़ मारा है। सूचना मिलने पर दतिया एसडीओपी सुमित अग्रवाल व बड़ौनी एसडीओपी दीपक नायर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से माफी मांगी लेकिन वे नहीं माने। टीआई से माफी मंगवाने की बात कहते रहे। अंत में 24 घंटे का अल्टीमेटम देकर काम पर लौट आए लेकिन बाद में दोपहर 3 बजे से फिर हड़ताल पर चले गए।
सफाई कर्मचारियों ने ज्ञापन सौंपकर टीआई पर कार्रवाई की मांग की

सफाई कर्मचारियों ने नपा के प्रशासक (कलेक्टर) और पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन दोपहर में दिया। ज्ञापन में टीआई के खिलाफ एससी-एसटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने के साथ ही उनके स्थानांतरण की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि टीआई ने फिर से दोपहर में नपा के सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट की। कर्मचारियों का कहना है कि कचरा वाहन तो कचरा उठाने, मृत जानवरों को उठाने के लिए कहीं से भी आ जा सकता है। टीआई की कार्रवाई से सफाई कर्मचारियों में भय है।
अगर शीघ्र उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो बुधवार से नपा के सभी कर्मचारी, जल प्रदाय, स्ट्रीट लाइट व सफाई हड़ताल पर जाएंगे। इस दौरान अगर किसी प्रकार की अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी भी प्रशासन की होगी। सफाई कर्मियों ने कहा कि वे सफाई के कार्य को रोकने के लिए तैयार हैं।
इनका कहना
टीआई ने दोपहर में फिर से सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट की और धमकी दी। इसके बाद सफाई कर्मचारी दोपहर 3 बजे से हड़ताल पर चले गए। उनका कहना है कि जब तक टीआई के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, वह काम शुरू नहीं करेंगे। न शहर की सफाई व्यवस्था में सहयोग करेंगे।
–अनुपम पाठक, स्वच्छता निरीक्षक, नपा।
नपा कर्मचारी उल्टी दिशा में वाहन लेकर जा रहा था और मास्क भी नहीं लगाए था। ट्रैफिक और कोरोना गाइड लाइन का पालन कराने के लिए उससे बहस हुई। आरोप प्रत्यारोप तो कोई भी किसी पर लगा सकता है। मैंने थप्पड़ नहीं मारा।
–रविंद्र शर्मा, टीआई, कोतवाली दतिया।
