बता दें कि न्यू ईयर पर एक जनवरी को आधी रात के बाद पार्टी मनाते हुए तीन कॉन्स्टेबल ने डांस किया। डीजे पर गाने बज रहे थे- कागज कलम दवात ला, लिखो रपट मेरी साहब… दरोगा जी चोरी हो गई…। फिर मैं तेरी दुश्मन, दुश्मन तू मेरा गाने पर भी जमकर डांस हुआ। बताते हैं कि ये सब कुछ टीआई प्रियंका केवट के थाने से जाने के बाद हुआ। डांस का वीडियो सामने आने पर अधिकारियों ने जवानों को तलब किया है।
जबलपुर/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के जबलपुर में पुलिसकर्मियों के थाने में नागिन डांस करते वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में तीन पुलिसकर्मी रात के वक्त थाने के अंदर ही नागिन डांस करने के साथ ही अलग-अलग फिल्मी गानों पर नाचते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये वीडियो शहर के शहपुरा थाने का है और न्यू ईयर की रात थाने में गकड़ भर्ता पार्टी हुई थी और उसी के बाद थाने में ही डीजे पर तीन पुलिसकर्मी जमकर झूमे।
गौरतलब है कि शहपुरा थाने में पदस्थ एक पुलिसकर्मी ने हीं इस वीडियो को बनाकर अपने व्हाट्सअप स्टेटस में डाला और उसके बाद फिर इस वीडियो को वायरल भी कर दिया, हालांकि अभी तक इस वीडियो को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं की है। शहपुरा थाने में डांस का वीडियो पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा तक पहुंचा। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने जांच के निर्देश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में थाने के अंदर ही डीजे पर तीन आरक्षक अलग-अलग गानों पर नाचते नजर आ रहे हैं। कोई फिल्मी गाने मैं तेरी दुश्मन..दुश्मन तू मेरा पर नागिन डांस कर रहा है तो कोई रपट लिखो मेरी साहब..दरोगा जी चोरी हो गई पर नाच रहा है। इतना ही नहीं कागज कलम दवात ला गाने पर भी पुलिसकर्मी जमकर नाचते नजर आ रहा है। डांस करने वाले आरक्षकों की पहचान राहुल गुप्ता, मनु सिंह और विकास सिंह के तौर पर हुई है। साथ ही ये भी पता चला है कि वीडियो में नाचते दिख रहा आरक्षक राहुल गुप्ता इससे पहले भी दो बार गोपनीयता भंग करने के मामले में लाइन अटैच हो चुका है।
वीडियो वायरल होते ही मामले ने पकड़ा तूल
थाने में नागिन डांस का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मामले ने तूल पकड़ लिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने शहपुरा थाने की टीआई प्रियंका केवट से इस मामले में जानकारी मांगी है। बताया ये भी जा रहा है कि पार्टी में टीआई प्रियंका केवट भी मौजूद थीं लेकिन उनके निकलने के बाद आरक्षकों ने फिल्मी गानों पर डांस किया।
