बता दें कि ग्वालियर में क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवा रहे सटोरियों से सब इंस्पेक्टर और दो सिपाहियों ने 23 लाख रुपए वसूले थे। पकड़े गए सटोरिए व उनसे वसूली करने वाले पुलिसकर्मियों में से दो दतिया के हैं। इससे पूर्व दतिया के ड्रग तस्करों को भी ग्वालियर पुलिस ने एमडीएमए के साथ पकड़ा गया था, बाद में यह एमडीएमए यूरिया निकला और अब इस सैंपल की पुन: जांच के आदेश न्यायालय ने दिए हैं।
ग्वालियर/मध्यप्रदेश।
अपराधियों से सांठ गांठ कर वर्दी की आड़ में डरा धमकाकर कैसे पैसा कमाया जाता है इसका जीवंत उदाहरण ग्वालियर में देखने को मिला जहां
ग्वालियर पुलिस का एक भ्रष्ट चेहरा सामने आया है।
क्रिकेट पर सट्टा लगवाने की शिकायत पर एक टाउनशिप में छापा मारने पहुंची पुलिस की एक टीम ने वहां पकड़े गए सटोरियों के साथ बड़ी डील कर ली।
ग्वालियर पुलिस के एसआई मुकुल यादव ने प्रधान आरक्षक विकास तोमर और आरक्षक राहुल यादव के साथ मिलकर एमके सिटी स्थित फ्लैट में क्रिकेट पर सट्टा खिलवा रहे पन्द्रह सट्टेबाजों को पकड़ा। इन पर पिस्टल तान दी और डरा-धमकाकर इनके मोबाइल छीनकर इनके बैंक खातों से 23.15 लाख रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर लिए। इसके अलावा 10 हजार रुपये नगद लिए और दो मोबाइल भी छीने।फिर सट्टेबाजों को धमकी दी- अगर 23 लाख रुपये वसूलने की खबर बाहर गई तो ऐसे केस लगाए जाएंगे, जिनमें पूरी जिंदगी जेल में सड़ना पड़ेगी।

इस मामले का खुलासा होते ही एसपी ने रविवार देर रात एक सब-इंस्पेक्टर और दो आरक्षकों के खिलाफ थाना सिरोल में एफआईआर दर्ज कर तीनों को सस्पेंड कर दिया। इस एफआईआर में एक अज्ञात को भी शामिल किया गया है। तीन पुलिसकर्मी और इनके एक साथी पर आइपीसी की धारा 384, 389, 294, 506 के तहत एफआइआर दर्ज की गई।
क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,गोला का मंदिर थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर मुकुल यादव को एमके सिटी स्थित फ्लैट नंबर-105 में क्रिकेट पर सट्टा लगवाने की खबर शनिवार रात को मिली थी। एसआइ ने इसकी सूचना क्राइम ब्रांच तक पहुंचाई। क्राइम ब्रांच के प्रधान आरक्षक विकास तोमर, आरक्षक राहुल यादव को साथ लेकर वह एमके सिटी के फ्लैट पर पहुंचा।
इनके साथ एक निजी व्यक्ति भी था। इन लोगों ने फ्लैट में घुसकर 15 सट्टेबाजों को पकड़ा। इनके पास से 10 हजार रुपये नगद, दो मोबाइल छीन लिए। इनके मोबाइल देखे तो उसमें लाखों रुपये का हिसाब-किताब मिला। एसआइ मुकुल यादव के पास पिस्टल थी।
इन लोगों ने पिस्टल दिखाकर धमकाया- खातों की जानकारी मांगी, इसके पासवर्ड पूछे। जब नहीं बताया तो पूरी जिंदगी जेल में सड़ाने की धमकी दी। इसके बाद दो खातों से 23.15 लाख रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कराकर सिरोल थाना पुलिस को कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया।

रात में तो लाखों रुपये वसूलने की खबर बाहर नहीं आई। सुबह यह अफसरों तक पहुंच गई। आनन-फानन में एसएसपी राजेश सिंह चंदेल ने क्राइम ब्रांच के डीएसपी सियाज केएम को जांच सौंपी। उन्होंने प्रारंभिक जांच की, तीन सट्टेबाजों के बयान लिए। जिसमें 23.25 लाख रुपये वसूलने की पुष्टि हो गई। इसके बाद तीनों पर एफआइआर दर्ज कर ली गई। इस मामले में फरियादी सट्टा खिलाता पकड़ा गया सट्टेबाज आशीष सोनी बताया है। आशीष सोनी और उसके साथी दतिया के रहने वाले हैं।
दतिया कनेक्शन से हुआ खुलासा
क्राइम ब्रांच और सिरोल थाना पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में 15 सटोरिये पकड़े गए। इनमें से ज्यादातर दतिया जिले के हैं। इनके पास से 2 लैपटॉप, 30 मोबाइल फोन, चार डायरी बरामद हुईं, जिनमें 50 लाख से ज्यादा का हिसाब-किताब दर्ज है।
पकड़े गए ज्यादातर आरोपी दतिया जिले के निवासी थे और खास बात ये है कि पकड़ने गए दो पुलिसकर्मी भी दतिया के ही हैं। इससे पुलिस अफसर चौकन्ना हुए।
जाँच में कई और खाकी के किरदारों से नकाब उठेगा
पुलिस अधिकारियों का मानना है इतनी बड़ी रकम किसी की शह के बिना यह लोग नहीं ले सकते। इसके पीछे खाकी के कौन से किरदार हैं, इसकी जड़ तक पुलिस अधिकारी पहुंचेंगे। यह भी पता लगा है कि सब इंस्पेक्टर मुकुल यादव की किसी निरीक्षक स्तर के अधिकारी से फोन पर इस संबंध में चर्चा हुई थी, इस संबंध में उसके पकड़े जाने के बाद खुलासा होगा। यह जानकारी एडीजी और एसएसपी तक भी है। इस पूरे कांड में अभी और भी नाम बढ़ सकते हैं।
इन खातों से रकम की ट्रांसफर
सब इंस्पेक्टर और उसके साथी पुलिसकर्मियों ने दो खातों से रुपये दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर किए। शिवम नरेश पटवार के खाता नंबर 100209131141 और आनंद अहिरवार के खाता नंबर 100209131120 से रकम खातों में ट्रांसफर हुई है।
इनका कहना
सट्टा खिलवाने वालों को पकड़ने गए पुलिसकर्मियों ने इनसे 23.25 लाख रुपये वसूले। इस मामले में तीनों पर एफआइआर दर्ज की जाकर निलंबित किया गया है। इस तरह का शर्मनाक कृत्य कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इन पर और सख्त कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी। इसमें और कौन शामिल हैं, इसकी भी पड़ताल कराई जा रही है।
–राजेश सिंह चंदेल, एसएसपी।
