सिंगरौली/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश में अपने कर्त्तव्य को निभाते हुए एक ओर पुलिसकर्मी शहीद हो गए। उनके दुःखद निधन से पूरे विभाग में शोक की लहर है। दरअसल,सिंगरौली जिले के बैढ़न कोतवाली में पदस्थ एएसआई अबू समन खान ड्यूटी के दौरान कोरोनावायरस से संक्रमित हो गए थे। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें रीवा संजय गांधी हॉस्पिटल रेफर किया गया था लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए। सोमवार को उनका निधन हो गया।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,एएसआई अबू समन खान उर्फ मामू (54) की शनिवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, उन्हें सांस में तकलीफ होने और हालत गंभीर होने पर रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। यहां पर उन्हें आईसीयू और फिर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया, लेकिन तबियत नहीं सुधरी और आज सुबह मौत हो गई। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। बताया जा रहा है कि उन्हें पहले से सांस की बीमारी थी, इसके बाद जब कोरोना हुआ तो उनका ऑक्सीजन लेवल बेहद कम हो गया था।
डीजीपी ने ट्वीट कर शोक संवेदना व्यक्त की
श्री अबु समन खान, सहायक उप निरीक्षक, जिला सिंगरौली का कर्तव्यरत रहते हुए कोरोना संक्रमण के कारण आज दुःखद निधन हो गया है। पुलिस विभाग में इनकी 44वर्ष की उत्कृष्ट सेवा रही है। मध्यप्रदेश पुलिस परिवार की तरफ से मैं श्री अबु समन खान को नमन एवं श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं। pic.twitter.com/Oz2O5GIavX
— DGP MP (@DGP_MP) August 10, 2020
