बदनावर/धार/मप्र।
मध्यप्रदेश के धार जिले के बदनावर से 4 किमी दूर पेटलावद मार्ग पर ग्राम डोकलियापाड़ा स्थित नागेश्वर धाम के पास बुधवार सुबह सड़क हादसे में उज्जैन के CID थाने में पदस्थ टीआई की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम रेफर किया गया। पोस्टमार्टम के बाद टीआई का शव स्वजनों के सुपुर्द किया गया।

क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय टीआई हीरालाल मेड़ा अपनी पत्नी भगवतीबाई के साथ बाइक एमपी-43 ईबी-4272 से अपने गांव पेटलावद तहसील के रायपुरिया जा रहे थे। डोकलियापाड़ा के निकट सामने से तेज रफ्तार से आ रही पिकअप एमपी-11 जी-2026 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे टीआई मेड़ा की मौके पर ही मौत हो गई तथा भगवतीबाई गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर मारने के बाद पिकअप सड़क की साइड से उतर गई। जबकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रधान आरक्षक दिनेश सिसौदिया व अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा दंपती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। यहां भगवतीबाई को प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम रेफर किया गया। उज्जैन से संबंधित थाने के पुलिस अधिकारी व स्वजनों के आने पर टीआई मेड़ा के शव का पोस्टमार्टम किया गया। बाद में स्वजन शव को रायपुरिया ले गए, जहां अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पिकअप जब्त की है। घटना के बाद से पिकअप का चालक फरार है। टीआई कुछ दिन पहले ही कोरोना संक्रमित हुए थे तथा इंदौर के अस्पताल में उपचार करवाया था। स्वस्थ होने के बाद पत्नी को लेकर अपने घर जा रहे थे। उनका एक लड़का दीपक है, जो झाबुआ के शासकीय महाविद्यालय में टेक्निशियन के पद पर कार्यरत है तथा दो लड़कियां हैं।

