भोपाल/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के गृहमंत्री और दतिया से भाजपा विधायक डॉ. नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ पेड न्यूज वाले मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होने जा रही है। इससे पहले 2 मार्च को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टल गई थी और अगली तारीख 12 अप्रैल यानी आज की तारीख अंतिम सुनवाई के लिए तय की गई थी। माना जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट आज इस मामले में फैसला सुना सकता है।
3 साल तक चुनाव लड़ने के लिए ठहराया था अयोग्य

गौरतलब है कि गृहमंत्री डा. नरोत्तम के खिलाफ पेड न्यूज के इस मामले में केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने 23 जून 2017 को जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 10A के तहत 3 साल के लिए नरोत्तम मिश्रा को अयोग्य ठहराया था। इस फैसले के खिलाफ नरोत्तम ने मप्र हाईकोर्ट में अपील की थी। इसके बाद शिकायतकर्ता राजेन्द्र भारती ने मप्र में राजनीतिक दबाव को आधार बनाते हुए सुप्रीम कोर्ट में इस मामले को उठाया था। जिस पर सर्वोच्च न्यायालय ने केस को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट से दिल्ली हाईकोर्ट में स्थानांतरित करा दिया था।
दरअसल दतिया विधानसभा सीट पर नरोत्तम के प्रबल प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती ने शिकायत दर्ज कराई थी। मामला 2008 के विधानसभा चुनावों से संबंधित है। उन्होंने नरोत्तम पर पेड न्यूज प्रकाशित करवाने का आरोप लगाया था। उनकी इस शिकायत को सही मानते हुए वर्ष 2017 में चुनाव आयोग ने आदेश जारी कर कहा था कि मिश्रा तीन साल चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। हालांकि, मिश्रा ने इसे मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में चुनौती दी। मामला राजनीतिक था और दबाव बन सकता था, इस वजह से सुप्रीम कोर्ट ने मामला दिल्ली हाईकोर्ट ट्रांसफर कर दिया था। वहां से फैसला मिश्रा के पक्ष में नहीं आया। तब उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिका नरोत्तम का राजनीतिक भविष्य
एमपी के इस चर्चित केस में राजेन्द्र भारती की ओर से पैरवी करने के लिए कांग्रेस के तत्कालीन वरिष्ठ नेता एवं वकील कपिल सिब्बल, पूर्व मंत्री पी. चिदम्बरम और सांसद विवेक तन्खा कोर्ट में पेश हुए थे। अब कपिल सिब्बल के कांग्रेस छोड़ने के बाद उनकी जगह कांग्रेस पार्टी अपने किसी अन्य सीनियर वकील को पैरवी के लिए सुप्रीम कोर्ट में खड़ा करेगी। आज सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर नरोत्तम का राजनीतिक भविष्य टिका हुआ है। यदि सुप्रीम कोर्ट ने निर्वाचन आयोग के फैसले को यथावत रखा तो मंत्री पद के साथ नरोत्तम की विधायकी और अगला चुनाव लड़ना खतरे में पड़ सकता है।
