भोपाल/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के गृह विभाग में सचिव IAS अफसर मसूद अख्तर की कोरोना संक्रमण के चलते शुक्रवार को मौत हो गई। उन्हें सुबह 8 बजे हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर ले जाने लगे, लेकिन वहां पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। वह भोपाल के नेशनल अस्पताल में एक महीने से भर्ती थे। भर्ती होने के कुछ दिनों बाद ही रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई थी, उन्हें लंग्स इंफेक्शन भी हुआ था। तीन दिन पहले उन्हें कोरोना रिपोर्ट निगेटिव हो गई थी, लेकिन उसके असर से वह बच नहीं सके।

क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,मसूद अख्तर मध्यप्रदेश के पहले आईएएस अफसर हैं, जिनकी कोरोना से मौत हुई है। इससे पहले कोरोना से डॉक्टर्स, पुलिसकर्मी और हेल्थ वर्कर्स की मौतें हुई हैं। इधर, मध्य प्रदेश में लगातार कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह उन्हें हार्टअटैक आया था।
मसूद छतरपुर और सीधी के कलेक्टर रहे हैं। उनके नाम छतरपुर में लंबे समय (4 साल अधिक) तक कलेक्टर रहने का रिकॉर्ड है। उन्होंने इंदौर की अहिल्याबाई यूनिवर्सिटी से एलएलएम की पढ़ाई की थी। वह 1986 राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी थे। उनकी पत्नी अंजू दुबे अख्तर और एक 8 वर्षीय बेटा है।
वरिष्ठ आईएएस मसूद अख्तर के निधन पर सीएम शिवराज सिंह ने भी दुख जताया है
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और मध्यप्रदेश के गृह सचिव डॉ. मसूद अख्तर के निधन का बेहद दुःखद समाचार मिला है।
मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार के साथ हैं। ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति देने और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) January 1, 2021
