ग्वालियर/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के ग्वालियर से दुखद खबर सामने आई है। दरअसल,आज शनिवार सुबह महाराज बाड़े पर नगर निगम के पुराने मुख्यालय भवन पर झंडा वंदन की तैयारी के दौरान झंडा लगाते समय दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया है।
मृतकों में फ़ायरमैन कुलदीप दंडौतिया, प्रदीप राजौरिया व चौकीदार विनोद शर्मा शामिल। वहीं एक अन्य फ़ायर मैन मंजर आलम घायल।

मृतक और घायल नगर निगम के कर्मचारी बताये जा रहे है। घटना के बाद बाड़े पर तनाव की स्थिति बन गई। उधर ग्वालियर प्रवास पर आये प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट भी घटना स्थल पर पहुँच गए हैं। वही प्रशासन और पुलिस बल तैनात है। बताया जा रहा है कि ऐतिहासिक पोस्ट ऑफिस बिल्डिंग पर झंडा लगाते वक्त करीब 60 फीट की ऊंचाई पर क्रेन का प्लेटफार्म टूटा और 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गए हैं।
बता दें कि करोड़ों रुपए खर्च करके नगर निगम ने यह हाइड्रोलिक क्रेन मशीन मंगाई थी।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,शहर के महाराज बाड़ा स्थित ऐतिहासिक भवनों पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाइटिंग और सजावट की जाती है। साथ ही पुराना डाकघर भवन पर झंडा लगाया जाता है। झंडा तो यहां लगा था, लेकिन उसकी डोरी खराब थी। इसी को सही कराने के लिए डाकघर में चौकीदारी करने वाले विनोद कुमार शर्मा निवासी नेहरू पेट्रोल पंप ने नगर निगम कार्यालय पर सूचना दी थी। सूचना पर दमकल के कर्मचारी 52 मीटर ऊंचाई वाली बड़ी क्रेन लेकर बाड़ा पहुंचे थे।
क्रेन को साइड में खड़ी कर उसकी ट्रॉली में दमकल कर्मचारी प्रदीप राजौरिया निवासी दानाओली, कुलदीप डंडौतिया निवासी मुरैना के साथ ही डाकघर का चौकीदार विनोद शर्मा सहित चार लोग खड़े थे। वह ट्रॉली में सवार होकर झंडे तक पहुंचे ही थे कि तभी जिन जैक पर क्रेन खड़ी थी वह टूट गए। इस पर क्रेन पलट गई। क्रेन के पलटते ही ट्रॉली सहित सभी कर्मचारी नीचे आ गिरे। हादसा होते ही वहां चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस, नगर निगम को सूचना दी। तत्काल पुलिस वहां पहुंची और लोगों की मदद से घायलों को निकालकर एंबुलेंस से जेएएच के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
मुख्यमंत्री ने घटना पर ट्वीट कर शोक जताया
ग्वालियर में महाराज बाड़ा स्थित पोस्ट ऑफिस पर मशीन अनलोड करते समय हुई दुर्घटना में 3 कर्मचारियों के निधन व 3 लोगों के घायल होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ।
ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति, परिजनों को संबल देने व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति!
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) August 14, 2021
कमलनाथ ने दोषियों के खिलाफ की कार्यवाही की मांग
ऐसे में कमलनाथ ने बताया कि मैं शिवराज सरकार से माँग करता हूँ कि ग्वालियर में राष्ट्रीय ध्वज लगाते हुए इस पूरे मामले की गहनता से जाँच-पड़ताल हो। साथ ही में इस मामले में सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए।
मै सरकार से माँग करता हूँ कि इस पूरे मामले की जाँच हो और दोषियों पर कार्यवाही हो।
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) August 14, 2021
