रीवा/मध्यप्रदेश।
रीवा जिले के मऊगंज कस्बा स्थित एक रेस्टोरेंट संचालक को वर्दी का रौब दिखाकर शराबखोरी करना SAF जवान को महंगा पड़ गया है। उसका वीडियों वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक रीवा आईपीएस नवनीत भसीन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जवान को निलंबित कर दिया है। यह मामला रीवा जिले के मऊगंज कस्बा स्थित एक रेस्टोरेंट का बताया जा रहा है। निलंबन अवधि में आरक्षक को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी। साथ ही उसका मुख्यालय दूसरी वाहनी विसबल ग्वालियर होगा।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,शुक्रवार की रात एसएएफ आरक्षक क्रमांक 277 दर्शनलाल शाक्य दूसरी वाहनी विसबल ग्वालियर हाल कैंप जिला रीवा पोस्ट मउगंज थाना एक रेस्टोरेंट में बैठकर जबरदस्ती शराब पी रहे थे। जब संचालक ने शराबखोरी कराने से मना किया तो वह वाद-विवाद करने लगा। एसएएफ जवान की करतूत का वीडियो होटल संचालक ने बनाकर पुलिस अधिकारियों को भेज दिया। यह वीडियो एसपी रीवा के पास पहुंचा था।
एसपी ने जारी पत्र में कहा कि दूसरी वाहनी विसबल ग्वालियर के जवान का कृत्य विभागीय नियमों के प्रतिकूल है। प्रथम दृष्टया आमजन में पुलिस विभाग की छवि धूमिल होना पाया है। साथ ही आरक्षक का कृत्य अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। ऐसे में एसएएफ जवान दर्शनलाल शाक्य दूसरी वाहनी विसबल ग्वालियर को 20 नवंबर की दोपहर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।
