HomeBreaking Newsछेड़खानी का विरोध करने पर नशे में धुत सिपाही ने युवक को...

छेड़खानी का विरोध करने पर नशे में धुत सिपाही ने युवक को मारी गोली

आजमगढ़/उत्तरप्रदेश।

उत्तरप्रदेश के आजमगढ़ में शादी समारोह में जा रही महिलाओं के साथ शराब के नशे में धुत्त सिपाही ने अपने साथियों के साथ छेड़खानी की। जब एक युवक ने इसका विरोध किया तो उसे गोली मार दी। युवक को घायल अवस्था में हायर सेंटर वाराणसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी सिपाही सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि कमालपुर गांव रहने वाला सर्वेश गोंडा जिले के शहर कोतवाली में आरक्षी के पद पर तैनात है। वह अवकाश पर अपने गांव आया हुआ था। देर रात शराब और सिगरेट को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। इसी दौरान सर्वेश ने गोली मार दिया, जिसमें एक युवक घायल हो गया है। पीड़ित के भाई गोविंद ने गांव के ही सर्वेश, गौतम, चंद्रभान, बृजेश और लालजीत के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। इस घटना में मुकदमा दर्ज कर घटना में शामिल सर्वेश और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार,घटना सरायमीर थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव की है। सरायमीर थाना क्षेत्र के कमालपुर के रहने वाले शंकर लाल के घर शादी समारोह आयोजित था। शादी समारोह में शामिल होने के लिए शंकर लाल के भाई गोविंद के घर की महिलाएं और युवतियां जा रही थी। गोंडा जिले में सिपाही के पद पर तैनात गांव का ही सर्वेश सड़क किनारे अपनी गाड़ी खड़ी कर अपने तीन-चार साथियों के साथ शराब और सिगरेट पी रहा था। आरोपियों ने शादी समारोह में जा रही महिलाओं पर फब्तियां कसना शुरू कर दिया। किशनलाल ने विरोध किया तो दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान शराब के नशे में सर्वेश ने किशनलाल को गोली मार दी।
गोली चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल किशनलाल को पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों ने घायल किशनलाल को वाराणासी में उपचार के लिए भर्ती कराया है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सर्वेश और उसके तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इनका कहना

इस मामले में एसपी सिटी ने बताया कि घटना का मुख्य आरोपी सर्वेश गोंडा कोतवाली में तैनात है और छुट्टी पर घर आया था। शराब के नशे में उसने कट्टे से गोली मारी है। घायल युवक अब खतरे से बाहर बताया जा रहा है पुलिस ने सिपाही समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!