बता दें कि कुछ दिन पहले मिहोना थाने की पुलिस टीम ने स्मैक का धंधा करने वाले लोगो को पकड़ा था,जब पकड़े गए आरोपियों के रिकॉर्ड देखें गए तो सह उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह जादौन की उनके साथ सांठगांठ की बात सामने आई।
भिंड/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के भिंड जिले के मिहोना थाना में माफिया एवं बदमाशो के शुभचिंतक मिहोना थाने में पदस्थ एएसआई को सस्पेंड कर दिया गया है। इस घटना के बाद अपराधियों के साथ पुलिस कर्मियों का गठजोड़ खुलकर सामने आ गया है।
दरअसल,एक तस्कर लंबे समय से जालौन से स्मैक मांगाकर बेचता आ रहा था। इस तस्कर की मिहोना थाना पुलिस के बीच गहरी पैठ बनी हुई थी। जब तस्कर और मिहोना थाना में पदस्थ एएसआई की मित्रता की जानकारी भिंड एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान को लगी। एसपी ने दोनों की कॉल डिटेल निकलवाई। बात पुष्टि होने एसपी ने एएसआई को निलंबित कर दिया।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,भिंड का मिहोना थाना क्षेत्र शराब, स्मैक, हथियार समेत अन्य अवैध कारोबार का अड्डा बना हुआ है। कुछ दिनों पहले जालौन का स्मैक तस्कर सरगना वहीद खान मिहोना आया और वो स्मैक की तस्करी करके चला गया। जब तक पुलिस स्मैक तस्कर के सरगना तक पहुंचती तब तक उसे खबर लग गई और वाे निकल गया। इस दौरान पुलिस ने स्मैक तस्कर के लड़के राशिद को बोलेरो कार, 1 लाख 15 हजार नकदी और कट्टा कारतूस के साथ दबोच लिया। राशिद के पकड़े जाने के बाद अंतियन के पुरा के पास से थाने तक आने से पहले ही पुलिस के पास फोन आना शुरू हो गए। पुलिस थाने में कुछ वकील भी राशिद को छुड़वाने के लिए पहुंच गए। यह देखकर पुलिस को आश्चर्य हुआ कि आखिर सुनसान एरिया से आरोपी को पकड़े जाने के बाद खबर कैसे लीक हुई? यह मामले की जानकारी लहार एसडीओपी अवनीश बंसल ने एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान काे बताई। एसपी चौहान ने खबर लीक होने के मामले को गंभीरता से लिया। जब पुलिस ने पड़ताल की तो स्मैक तस्कर के लड़के राशिक पकड़े जाने के बाद उसकी आखिरी बार बात मिहोना के स्मैक तस्कर महिला से बातचीत हुई थी।
कॉल डिटेल से खुला राज
जब भिंड पुलिस ने मिहोना के स्मैक तस्कर की कॉल डिटेल निकाली, जिसमें पिछले एक महीने से सबसे ज्यादा बातचीत मिहोना थाने में पदस्थ एएसआई देवेंद्र सिंह जादौन की होना पाया। पकड़े गए राशिद ने आखिरी बार मिहोना की स्मैक तस्कर से बात की थी। इसके बाद दूसरी कॉल एएसआई देवेंद्र सिंह जादौन की थी। एसडीओपी अवनीश बंसल का कहना है कि स्मैक तस्कर और एएसआई की बातचीत होने का मामला पुष्ट होने के बाद एसपी साहब ने एएसआई को निलंबित कर दिया।
कांग्रेस विधायक ने TI पर लगाया था आरोप
कांग्रेस के पूर्व मंत्री व लहार विधायक डॉ गोविंद सिंह ने मार्च महीने में मिहोना थाना पुलिस को तस्करों से मिले होने का आरोप लगाया था। मार्च महीने में शराब पीने से पांच लोगों की मौत पर लहार विधायक ने सीधे तौर पर मिहोना टीआई पर आरोप लगाया था और तस्करों से मिले होने की बात कही थी। अब पुलिस की जांच में स्मैक तस्कर से एएसआई की मित्रता की पुष्टि हो चुकी है। यह एएसआई लंबे समय मिहोना थाने में पदस्थ थे। वहीं, मिहोना थाना प्रभारी के खास होने की बात भी सामने आ रही है।
इनका कहना
भिंड पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने तत्काल एएसआई देवेंद्र सिंह जादौन को निलंबित कर दिया। साथ ही एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि यदि पुलिस की किसी मिलावट माफियाओं,नशा माफियाओं,हथियार तस्करों और जुआरियों से संलिप्तता पाई जाती है तो संबंधित पुलिसकर्मियों प्रभारी एवं थाना प्रभारी के खिलाफ भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई होगी।
