अमेठी/उत्तरप्रदेश।
उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में अक्सर ही उत्पीड़न की खबरें सामने आती रहती हैं। ताजा मामला अमेठी जिले का है, जहां एक महिला दारोगा ने ही अपने सीनियर अफसरों एएसपी और एसओ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आलम ये है कि उत्पीड़न से तंग होकर पीड़िता एसपी दफ्तर में इस्तीफा देने तक पहुंच गई। फिलहाल एसपी का कहना है कि उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही जांच के आदेश दिए जाएंगे।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,पुलिस कप्तान दिनेश सिंह द्वारा शनिवार की शाम प्रशासनिक आधार पर एक थाना प्रभारी समेत सोलह उप निरीक्षकों व कई हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल का स्थानांतरण किया गया था। स्थानांतरण आदेश के मुताबिक फुर्सतगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक सुधा वर्मा को महिला थाना स्थानांतरित किया गया था। स्थानांतरण आदेश जारी होने के दूसरे ही दिन यानी
रविवार सुबह अपना इस्तीफा लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गयीं। दरोगा सुधा वर्मा ने एएसपी व एसओ पर तरह-तरह से परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया।
एएसपी से छुट्टी मांगी तो कहा जाओ मर जाओ
दरोगा ने कहा कि उनका स्थानांतरण फरवरी 2020 में महिला थाना से फुरसतगंज थाने के लिए हुआ था। सुधा का कहना था कि महिला थाने में तैनाती के दौरान वह जब भी छुट्टी के लिए एएसपी के पास गईं उन्होंने हर बार मना कर दिया। एक बार वह छुट्टी स्वीकृत कराने के लिए उनके आवास पर भी गईं लेकिन उन्होंने ये कहकर भगा दिया कि छुट्टी नहीं दूंगा मरना हो तो जाकर मर जाओ।
इसके बाद सुधा को फुरसतगंज थाने भेज दिया गया। फुरसतगंज में सुधा ने एक बार एक वाहन को रोका, जिसमें आठ जानवर लदे थे। चालक ने कहा कि वह एसएचओ को पैसा देता है। बाद में एसएचओ के कहने पर सुधा को वाहन छोड़ना पड़ा।
सुधा ने बताया कि इसकी रिकार्डिंग भी उनके पास है। इसके बाद पहले तो उनकी ड्यूटी थाने के भीतर और बाद में अकेले खैरहना बैरियर पर लगा दी गई। दरोगा सुधा वर्मा का कहना है कि उन्हें इसलिए परेशान किया जा रहा है क्योंकि वह कमाऊ पूत नहीं बन पाईं। दरोगा ने कहा कि वह चमचागीरी करके नौकरी नहीं करना चाहतीं, इसलिए इस्तीफा देने आईं हैं।
इनका कहना
इस संबंध में एसपी दिनेश सिंह ने बताया कि स्थानांतरण के लिए स्थापना बोर्ड गठित है। उसके अनुमोदन के उपरांत कई उपनिरीक्षक और हेड कांस्टेबल के स्थानांतरण किए गए हैं। यदि महिला एसआई को उससे कोई आपत्ति थी तो उन्हें व्यक्तिगत मिलकर कहना था। फिलहाल अभी मुझे शिकायत नहीं प्राप्त हुई है। शिकायत प्राप्त होने पर यथोचित कार्रवाई की जाएगी।
