अलीराजपुर/मध्यप्रदेश।
प्रदेश के अलीराजपुर जिले में एक पटवारी रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए पकड़ाया है। लोकायुक्त पुलिस इंदौर की टीम ने शुक्रवार को जोबट के कस्बा पटवारी बालू सिंह डावर को रंगे हाथों 7 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। रिश्वतखोर पटवारी भूखंड के नामांतरण के बदले 7 हजार रुपए की मांग कर रहा था। इसी के चलते वह काम को टाल रहा था। इसके बाद फरियादी ने मामले की शिकायत लोकायुक्त विभाग में की थी। लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को योजना बनाकर रिश्वत लेते समय ही पटवारी को दबोच लिया।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,मामला अलीराजपुर के जोबाट कस्बे से सामने आया है। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम खुटाजा निवासी बादल सिंह चौहान ने पिछले दिनों अपना भूखंड के नामांतरण के लिए आवेदन दिया था। इसको लेकर फरियादी लगातार परेशान हो रहा था।
इसके बाद पटवारी ने फरियादी से 7 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। लोकायुक्त विभाग को शिकायत मिलने के बाद प्राथमिक जांच की गई। जिसमें मामला सही पाया गया। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस ने योजना बनाकर फरियादी को रिश्वत देने को कहा। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत अपने हाथ में पकड़ी तो बाहर खड़ी लोकायुक्त विभाग की टीम ने छापा मारकर रंगे हाथों पकड़ लिया है। लोकायुक्त के अनुसार भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। अब मामले की जांच की जाएगी। इसके बाद चालान न्यायालय में पेश किया जाएगा।
लोकायुक्त ने आदिम जाति कल्याण विभाग के बाबू को दो हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा

ग्वालियर/मध्यप्रदेश।
लोकायुक्त पुलिस ने आदिम जाति कल्याण विभाग के एक बाबू को दो हजार रूपये की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों पकडा है। यह बाबू राकेश गुप्ता आदिम जाति कल्याण विभाग में छात्रवृत्ति सेक्शन के लिये डिजीटल सिग्रेचर एप्रूव के 2 हजार रूपये की रिश्वत हितग्राही से लेता था। लोकायुक्त पुलिस की इस पर काफी दिनों से नजर थी।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा के बाबू राकेश गुप्ता ने एक हितग्राही सुशील कुमार से उसकी छात्रवृत्ति के लिये डिजीटल सिग्रेचर कराने के लिये जैसे ही दो हजार रूपये लिये, तभी पहले से तैयार लोकायुक्त टीम ने उसे दबोच लिया। लोकायुक्त टीम में राघवेन्द्र रिशीश्वर व उनके साथी शामिल थे। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
