HomeBreaking Newsलोकायुक्त ने महिला पटवारी को 5 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे...

लोकायुक्त ने महिला पटवारी को 5 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा

रतलाम/उज्जैन/मप्र।

लोकायुक्त पुलिस उज्जैन की टीम ने रतलाम के कस्तूरबा नगर से लगे टेलीफोन नगर में रतलाम की महिला पटवारी रचना गुप्ता को उनके निवास पर ही एक युवक से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दरअसल,रतलाम के पलसोड़ी गांव में पदस्थ पटवारी रचना गुप्ता फरियादी गोपाल गुर्जर से 6 बीघा जमीन की पावती बनाने के नाम पर रिश्वत मांग रही थी। कागजी कार्रवाई के बाद धारा 41 का नोटिस देकर पटवारी को छोड़ दिया गया।

क्या है पूरा मामला

लोकायुक्त पुलिस की गिरफ्त में महिला पटवारी बीच में

प्राप्त जानकारी के अनुसार,लोकायुक्त निरीक्षक बसन्त श्रीवास्तव ने बताया कि फरियादी गोपाल गुर्जर निवासी ग्राम पलसोड़ी ने लोकायुक्त एसपी कार्यालय उज्जैन में शिकायत की थी कि उनकी परिवारिक जमीन का बंटवारा हो गया है।
पावती बनाने के लिए पटवारी रचना गुप्ता तहसील रतलाम द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पांच हजार रुपये 15 दिन पहले दे चुके हैं। वह 5 हजार रुपये की और मांग कर रही है। उसने पांच हजार रुपए लेकर सोमवार को अपने टेलीफोन नगर स्थित घर पर बुलाया था। सोमवार दोपहर करीब एक बजे दल पटवारी रचना गुप्ता के घर के पास पहुंचा तथा घेराबंदी की।
गोपाल ने पटवारी रचना गुप्ता के घर की छत के बरामदे में पहुंच कर उन्हें रुपये दिए। रचना ने रुपये पलंग पेटी पर रखवा दिए। इशारा मिलते ही दल के सदस्य वहां पहुंचे तथा पटवारी रचना गुप्ता को गिरफ्तार कर रिश्वत की राशि जब्त की। फरियादी गोपाल ने बताया कि पटवारी करीब नौ माह से चक्कर लगवा रही थी तथा पावती बनाने के लिए रिश्वत मांग रही थी। आज पटवारी ने घर बुलाकर रुपये देने के लिये कहा था। पटवारी को उसने रुपए दिए तभी लोकायुक्त टीम के सदस्य पहुंचे तथा पटवारी को गिरफ्तार किया।

इनका कहना

लोकायुक्त इंस्पेक्टर बसंत श्रीवास्तव ने बताया कि फरियादी गोपाल गुर्जर ने 9 जुलाई को उज्जैन लोकायुक्त में शिकायत दर्ज करवाई थी। जिस पर आरोपी पटवारी की वॉइस रिकॉर्डिंग करने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने 5 हजार रुपए लेकर फरियादी को पटवारी के पास भेजा था। जहां आज लोकायुक्त पुलिस ने महिला पटवारी को रंगे हाथ पकड़ा है।

Live Share Market :
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!