ग्वालियर/मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक नाबालिग लड़की अपने प्रेमी को बचाने के लिए अपने पिता से भिड़ गयी। दरअसल, मामला ग्वालियर के बहोड़ापुर थाने का है जहां पिता ने नाबालिग पर उसके प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने को लेकर दबाव डाला तो युवती ने थाने के बाथरूम में जाकर जहर खा लिया। बाथरूम से बाहर निकलने के बाद जब युवती ने बताया कि उसने जहर खा लिया है, ये सुनकर लड़की के परिजन और पुलिस अफसर हक्के बक्के रह गए। युवती को तुरंत ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। लड़की अपने प्रेमी और उसके घरवालों के खिलाफ कोई भी शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहती है। लड़की की हालत अब ठीक है। लेकिन पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,ग्वालियर जिले के पुरानी छावनी मोतीझील की रहने वाली 17 साल की लड़की का अपने पड़ोसी रिंकू जाटव से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी जानकारी लड़की के परिजनों को जैसे ही लगी उन्होंने उसे काफी डांटा और लड़के से मिलने पर प्रतिबंध लगा दिया। जिसके बाद दोनों ने भागने का फैसला लिया। वही 13 दिसंबर को नाबालिग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बहोड़ापुर आई थी, इसके बाद यहां से वह अपने प्रेमी के साथ चली गई। जिसकी जानकारी लगते ही लड़की के परिजन ने पुलिस को सूचना दी और लड़की के प्रेमी रिंकू के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया।
वहीं घरवालों की नजरों से दूर भागा प्रेमी जोड़ा पहले आगरा गया और फिर दिल्ली में रहने लगा जब पैसे खत्म हो गए थे दोनों का प्यार का भूत उतर गया। वहीं पुलिस का भी दबाव दोनों पर बढ़ रहा था। दोनों अचानक मंगलवार की रात 1:00 बजे पुरानी छावनी थाना पहुंच गया, लेकिन बहोड़ापुर थाना में मामला दर्ज था तो छावनी थाना पुलिस ने उन्हें बहोड़ापुर पहुंचा दिया। जिसके बाद पुलिस ने सूचना देकर लड़की के परिवार वालों को बुलाया। सुबह 5:00 बजे लड़की के पिता ने प्रेमी रिंकू के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की बात युवती से कही तो उसने मना कर दिया,जिसको लेकर पिता और बेटी के बीच में विवाद हो गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि किशोरी ने बाथरूम जाने के लिए कहा। महिला पुलिस जवान युवती को लेकर थाने के बाथरूम पहुंची जिसके बाद नाबालिग अंदर गई और उसने वहां जहरीला पदार्थ खा लिया। बाथरूम से बाहर निकलने के बाद वो अपने पिता के पास जाकर बोली जो मामला दर्ज कराना है करा दो मैंने जहर खा लिया है, अब मैं हमेशा के लिए जा रही हूं। यह सुनकर पुलिस और पिता के होश उड़ गए। जिसके बाद तुरंत ही युवती को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं इस पूरे मामले को पुलिस का कहना है कि लड़की की तबीयत अभी ठीक है उसके अस्पताल में होने के कारण अभी उसका बयान दर्ज नहीं किया जा सका है। लड़की की बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
