मुरादाबाद/उत्तरप्रदेश।
केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली में चल रहे आंदोलन में शामिल होने के लिए बरेली से कूच कर रहे किसानों ने मंगलवार शाम रामपुर-मुरादाबाद बॉर्डर पर जमकर उत्पात मचाया। रोके जाने से नाराज किसानों ने पुलिस बैरियर तोड़ डाले ओर पुलिस टीम पर हमला किया। जानकारी मिलते ही मुरादाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। उग्र किसानों ने पुलिस की गाड़ियों पर हमला करते हुए उनका घिराव किया। इस दौरान एसएसपी मुरादाबाद प्रभाकर चौधरी के पैर में चोट आई। किसानों ने उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ डाला। आक्रोशित किसान मुरादाबाद के टोल प्लाजा पर बैठे हैं जिसकी वजह से यहां जाम लगा हुआ है। यहां भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार,रामपुर-मुरादाबाद बॉर्डर पर थाना सिविल लाइंस इलाके में दिल्ली जा रहे किसानों को जब रोका गया तो वे उग्र हो गए। किसानों ने पुलिस बैरियर को क्षतिग्रस्त कर दिया। रामपुर एसपी शगुन गौतम और मुरादाबाद एसएसपी प्रभाकर चौधरी दोनों एक ही गाड़ी में सवार होकर आगे बढ़े तो किसानों ने उनकी गाड़ी और स्क्वॉड को रोक लिया। एसपी शगुन गौतम गाड़ी से उतरकर पीछे अपने काफिले की तरफ भागे। इस बीच मुरादाबाद एसएसपी की गाड़ी पर किसानों ने हमला कर दिया। उनकी गाड़ी का गेट तोड़ने की कोशिश की। गाड़ी का शीशा पहले ही टूट चुका था। एसएसपी के पैर में चोटें आईं।
मौके पर मौजूद रामपुर एसपी ( Rampur SP ) शगुन गौतम ने उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर बचाया। बाद में किसान मुरादाबाद में प्रवेश कर गए लेकिन फाेर्स ने एक बार फिर उन्हे टोल टैक्स पर राेक लिया।
यह सभी किसान पीलीभीत और बरेली से चलकर सोमवार को रामपुर की तहसील मिलक पहुंचे थे। यहां पर पुलिस ने इनको काफी समझाया पर यह नहीं माने और आगे बढ़ते गए। मंगलवार को यह किसान रामपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुए। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने इन्हें काफी समझाने की कोशिश की लेकिन किसानों के ट्रैक्टर के पहिए नहीं रुके। इस पर पुलिस ने मुरादबाद-रामपुर की सीमा पर दिल्ली-लखनऊ हाईवे 9 को बंद कर दिया। पुलिस ने किसानों को गिरफ्तार करने के लिए बसें मंगा ली और दाेनाें जिलाें के कप्तान फाेर्स के साथ किसानाें के सामने बैरियर लगाकर खड़े हाे गए।
किसानों के बढ़ते गुस्से को देखते हुए एसएसपी मुरादाबाद और एसपी रामपुर समेत भारी फोर्स मौके पर पहुंच तैनात हाे गया। किसान फोर्स को देखकर नहीं रुके और उन्होंने अपने ट्रैक्टर दौड़ा दिए। यहां जब फोर्स ने सख्ती दिखाने की काेशिश की ताे किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और गुस्साए किसानों ने एसएसपी की गाड़ी में तोड़-फोड़ कर दी। इसी दौरान पैर में चोट लगने से एसएसपी भी चोटिल गए। इसके बाद डीएम भी मौके पर पहुंचे लेकिन एसएसपी के चोटिल होते ही फोर्स पीछे हट गई और किसान वहां से तेजी से आगे निकल गए।
इस घटना के बाद बड़ी संख्या में किसान मुरादाबाद टोल टैक्स पर पहुंच गए लेकिन यहां पुलिस ने उन्हें फिर से घेराबंदी करके रोक लिया देर शाम तक किसानों और पुलिस के बीच यहां तनातनी होती रही। पुलिस किसानाें काे राेकना चाहती है लेकिन किसान रुकने काे तैयार नहीं है और दिल्ली कूच करना चाहते हैं।
